महराजगंज जिले के फरेंदा क्षेत्र के सोनबरसा गांव में शुक्रवार की रात में एक शख्स ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक ने जहरीला पदार्थ खाने से पूर्व सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने मौत का कारण पत्नी के साथ विवाद व पुलिस प्रताड़ना की बात कही है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा निवासी सुनील पांडेय (40) का पत्नी से किसी अन्य व्यक्ति से संबंध को लेकर फोन पर आए दिन विवाद होता था। काफी विवाद बढ़ जाने के बाद सुनील मुंबई से तीन दिन पूर्व घर लौटा था। वहीं दस दिन पूर्व पत्नी अपने मायका पुरंदरपुर के कवलदह उर्फ सैलदह चली गई थी।
पति ने काफी प्रयास किया उसे घर बुलाने के लिए लेकिन वह नहीं आई। इसके बाद पत्नी ने फरेंदा थाने में भी प्रताड़ना का आरोप लगाकर शिकायत कर दी। आरोप है कि पुलिस ने सुनील को थाने में बुलाकर मारापीटा था। इससे क्षुब्ध होकर सुनील परिजनों के साथ घर लौटा और गुमसुम रहने लगें।
बताया जा रहा है कि इसके बाद उसने सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी के प्रेमी व मायके वालों पर लगाया। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उसकी हालत खराब होने लगी तो परिजन इलाज के लिए सीएचसी बनकटी ले गए।
वहीं अस्पताल सील होने के कारण उसे महराजगंज जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान सुनील की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे सीओ सुनील दत्त दुबे, इंस्पेक्टर गिरिजेश उपाध्याय के साथ कई पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस संबंध में सीओ सुनील दत्त पांडेय ने बताया कि मृतक के पिता के तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। आरोप की भी जांच की जा रही है।