छापामारी के दौरान आबकारी विभाग व पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला।
कुशीनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रामकोला थाना क्षेत्र के सपहां गांव में एक मदरसा और दो घरों में बुधवार की शाम को आबकारी, पुलिस एवं स्वॉट टीम ने छापा मारा। मदरसा और दोनों घरों से देशी शराब में प्रयुक्त होने वाली खाली शीशियां, रैपर, ढक्कन,120 लीटर स्प्रिट तथा एक बोलेरो बरामद हुई।
पुलिस ने पांच व्यक्तियों को पकड़ा है। थाने में पूछताछ के बाद तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मदरसा प्रबंधक सहित दो को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। नामजद एक आरोपी फरार है।
गिरफ्तार होने वालों में मदरसा प्रबंधक इरशाद अहमद और विनोद यादव है। जबकि एक अन्य आरोपी ज्ञानचंद यादव फरार है। इससे पहले आबकारी विभाग को सूचना मिली कि सपहां गांव के अंसारी टोला में स्थित मदरसा अरबिया इजशादुल उलूम में देशी शराब की पैकिंग की जा रही है।
इसके बाद आबकारी अधिकारियों ने रामकोला थाने की पुलिस और स्वॉट टीम को साथ लेकर छापा मारा। मदरसा के अलावा दो अन्य घरों से भी भारी मात्रा में पैकिंग के सामान के अलावा स्प्रिट बरामद हुई। पुलिस ने विनोद यादव और ज्ञानचंद नाम के व्यक्तियों के घर भी दबिश देकर देशी शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाला सामान तथा बोलेरो को कब्जे में लिया।
एसओ रामकोला डीके सिंह ने बताया कि आबकारी इंस्पेक्टर सरिता सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।