पुलिस की गिरफ्त में आरोपी शुभम सिंह सिंघाड़ा।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में मुठभेड़ के बाद पकड़े गए पच्चीस हजार के इनामी बदमाश शुभम सिंह सिंघाड़ा को कैंट पुलिस वारंट बी पर गोरखपुर ले आएगी। शनिवार की रात में कैंट पुलिस की एक टीम महराजगंज पहुंच गई। शुभम से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस वारदात में शामिल अन्य लोगों पर कार्रवाई करेगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फरार रहने के दौरान शुभम सिंह सिंघाड़ा को किसने शरण दी। इस जानकारी के आधार पर शरणदाताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
खोराबार के मोतीराम अड्डा, अहिरवाती टोला का रहने वाला शुभम सिंह सिंघाड़ा छह दिन से पुलिस को चकमा दे रहा था। करीबियों को हिरासत में लेने के बाद भी वह गिरफ्त में नहीं आया। खबर है कि शुक्रवार को उसने कोर्ट में आत्मसमर्पण करने का प्रयास भी किया था, लेकिन पुलिस का पहरा देख फरार हो गया था।
सीओ कैंट सुमित शुक्ल ने बताया कि मोहद्दीपुर व विशुनपुरवा में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस सुमित चंदेल, शुभम राव, अविनाश सिंह, प्रज्जवल सिंह, विक्रांत पासवान, प्रिंस शाही, आदर्श शुक्ला, विनय सिंह जानू को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। शुभम सिंह सिंघाड़ा को महराजगंज की घुघली पुलिस ने पकड़ा है। 25 हजार के इनामी शुभम सिंह बरहज की तलाश चल रही है।
सीओ ने बताया कि पुलिस शुभम सिंह सिंघाड़ा को वारंट बी पर गोरखपुर लाकर पूछताछ करेगी। उससे पूछा जाएगा कि वह फरारी के दौरान कहां-कहां रहा? उसके शरणदाता कौन रहे? किस बात को लेकर दोनों गुटों में गोली चली थी। इस घटना में कौन-कौन शामिल था? यह जानकारी जुटाने के बाद शरणदाताओं व अन्य लोगों पर कार्रवाई होगी।
सिंघाड़ा पर कई सफेदपोशों का है हाथ
शुभम सिंह सिंघाड़ा पर कई सफेदपोशों व माफिया का हाथ है। पुलिस को पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष के साथ उसकी फोटो भी मिली है। पुलिस सफेदपोश-माफिया से शुभम के संबंध के बारे में जानकारी जुटा रही है।
नेपाल भागने की फिराक में था शुभम सिंह सिंघाड़ा
गोरखपुर का इनामी बदमाश शुभम सिंह सिंघाड़ा नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस को भनक लग गई और वह मुठभेड़ के बाद दबोच लिया गया। रविवार को कार्यालय कक्ष में एसपी प्रदीप गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि शनिवार की रात घुघली चौराहे पर एसओजी प्रभारी शशांक शेखर राय के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गोरखपुर का 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश शुभम सिंह उर्फ सिंघाड़ा इस समय कप्तानगंज-निचलौल मार्ग से नेपाल भागने की कोशिश में है।
पुलिस ढ़ोढ़िला पुल के पास उसका इंतजार करने लगी। थोड़ी देर बाद घुघली की तरफ से एक बाइक सवार आता दिखा। उसके नजदीक आते ही पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। उसने पुलिस टीम पर फायर करते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन वहीं गिर गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से तमंचा बरामद किया गया।
शुभम पर कई मुकदमे पहले से दर्ज
शुभम सिंह सिंघाड़ा के खिलाफ गोरखपुर के कैंट थाने में आईपीसी की धारा 147, 148,149, 307 के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा भी इसी थाने में 147, 148, 149, 504, 506 व सेवन सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज है। वहीं महराजगंज के घुघली थाने में 307, 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज है।
रेस्टोरेंट संचालक जाकिब खान गिरफ्तार
पुलिस ने रविवार को पॉशा रेस्टोरेंट के संचालक कोतवाली के पुर्दिलपुर निवासी जाकिब खान को गिरफ्तार कर लिया। उसे मुखबिर की सूचना पर कैंट पुलिस ने मोहद्दीपुर के चारफाटक से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, जाकिब ही मामले का मुख्य साजिशकर्ता है। उसी के रेस्टोरेंट में पहले दोनों गुटों में विवाद हुआ था।