संतकबीरनगर के हैंसर बाजार-अशरफपुर मार्ग पर कोचरी गांव के समीप बुधवार रात शराब की दुकान के सेल्समैन को पीटकर घायल कर दिया गया। पीड़ित ने 53 हजार रुपये लूटने का भी आरोप मढ़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी मलौली पहुंचाया। शक के आधार पर पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के बजहा गांव निवासी उदय शंकर मिश्र का आरोप है कि वह अशफपुर में स्थित देशी शराब की दुकान के सेल्समैन हैं। बुधवार की रात करीब नौ बजे दुकान बंद करके वह बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में कोचरी गांव के समीप सड़क पर खड़े छह-सात लोग घेर कर उन्हें रोक लिया और उन्हें मारा-पीटा।
जेब में रखे 53 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने घटना की जानकारी 112 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी मलौली ले गई और उपचार कराया। पीड़ित का आरोप है कि उनका कुछ लोगों से जमीन संबंधी विवाद भी है।
उसे आशंका है कि उन्हीं लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में प्रथम दृष्टया पता चला है कि जमीन संबंधी विवाद में सेल्समैन को कुछ लोगों ने मारापीटा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।