गगहा पुलिस ने अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर चार तमंचा, कारतूस, भठ्ठी और उपकरण बरामद किया है। पुलिस के अनुसार लंबे समय से ये ऑर्डर मिलने पर तमंचा बनाकर बेचते थे। पुलिस अब उन लोगों की भी जानकारी जुटा रही है जिन्होंने तमंचा खरीदा था।
एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को पुलिस लाइंस में बताया कि गगहा थाना प्रभारी प्रवेश कुमार सिंह हमराहियों के साथ सोमवार को इलाके में अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए जुटे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली की चेड़वा गांव निवासी बैजनाथ विश्वकर्मा के घर में अवैध तमंचा बनाया जा रहा है और उसे बेचा जाता है। सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची तो घर में तीन लोग मिले। उनकी तलाशी में चार तमंचा और कारतूस मिला।
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों की पहचान बैजनाथ, उसका बेटा दिनेश विश्वकर्मा और देवरिया के एकौना निवासी जयनारायण यादव के रूप में हुई। दिनेश उनके यहां काम करता है। निर्मित तमंचों को ले जाकर बेचता है। पुलिस ने मकान से पाइप, आरी, हथौड़ी, सरिया जैसा हथियार, छेनी, पंखा और भठ्ठी बरामद किया।
बीस वर्ष पहले भी बैजनाथ जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार बैजनाथ ही सरगना है। वह अपने ही घर में तमंचा बनाता है। इस काम में अब उसका बेटा दिनेश भी हाथ बंटाता है। बैजनाथ बीस वर्ष पहले वर्ष 1999 में भी अवैध तमंचा बनाते हुए पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में वह जमानत पर छूट गया। कुछ दिन तक वह दूसरा कारोबार किया। लेकिन बाद में एक बार फिर अवैध तमंचे का निर्माण शुरू कर दिया।