गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के ग्राम जंगल रामगढ़ उर्फ चवरी में देवरिया रोड पर स्थित वनसप्ति देवी मंदिर पर गुरुवार की देर रात वहां बैठे एक युवक को बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घायल युवक संदीप के बाबा मैनेजर भगत ने शुक्रवार को इस मामले में खोराबार थाने पर तहरीर दिया है।
तहरीर के मुताबिक गुरुवार को वनसप्ति देवी मंदिर पर दुर्गा पूजा हो रही थी। मैनेजर भगत मंदिर के समीप साईकिल मरम्मत करने की दुकान चलाते हैं। हमेशा की तरह इस बार भी वह तथा उनका नाती संदीप (28) पूजा में लोगों का सहयोग करने में लगे थे।
रात 10 बजे भीड़ खत्म होने पर मंदिर के पुजारी व मैनेजर भगत बगल में सोने चले गए संदीप मंदिर के पास ही कुर्सी पर बैठा था। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो युवक आए तथा संदीप के गले पर चाकू से ताबड़ तोड़ वार कर दिए। दोनों बदमाश मोतीराम अड्डा की ओर भाग गए।
संदीप के शोर करने पर मैनेजर व पुजारी पहुंचे तथा कुछ अन्य लोगों की मदद से घायल संदीप को पीएचसी खोराबार ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक होने के कारण सदर से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वह मेडिकल कॉलेज में इलाज हेतु भर्ती है।