एक साल से रिलेशनशिप में रह रही छात्रा ने प्रेमी से दूरियां बनाईं तो उसने एडिटिंग से छात्रा की अश्लील फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। छात्रा ने इसका विरोध किया तो ब्लैकमेल करते हुए मिलने का दबाव बनाने लगा। पीड़ित छात्रा ने गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस साइबर क्राइम सेल की मदद से मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से श्रावस्ती निवासी युवती भूतनाथ स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहती है। करीब एक साल से वह आर्यनगर निवासी अभिषेक के साथ रिलेशनशिप में थी। यह बात घरवालों को पता चली तो उन्होंने विरोध किया। इसके बाद छात्रा ने अभिषेक से दूरियां बना लीं। इस बात पर अभिषेक ने उसे व घरवालों को धमकाना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि अभिषेक ने उसकी मेल आईडी हैक की और फेसबुक पर अश्लील फोटो अपलोड कर ब्लैकमेल करने लगा। यही नहीं उसने से फोटो छात्रा के घर वालों को भी भेज दिए। परेशान होकर छात्रा ने गाजीपुर थाने में शिकायत की।
प्रभारी निरीक्षक प्रशांत मिश्रा के मुताबिक पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभिषेक के खिलाफ धमकी व आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।