महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी सिसवा गांव में बीते बुधवार की रात को तिलक समारोह में शामिल होने गए कुछ युवकों पर मनबढ़ों ने लाठी डंडों के साथ हमला बोल दिया। जिस दौरान चार लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को महराजगंज शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जबकि अन्य घायलों का अभी इलाज चल रहा है। मृत युवक के भाई ने गुरुवार को पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
ये है पूरा मामला
पकड़ी सिसवा गांव निवासी फेकू ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि बीते बुधवार को गांव के नौमी के बेटे का तिलक समारोह था। तिलक समारोह में छोटा भाई जयश्री (36) शामिल होने गया। जहां पर कुछ लोग पहले से मौजूद थे।
भाई जयश्री उन लोगों में शामिल हो गए। इसी बीच कुछ मनबढ़ लोग भी वहां पहुंच गए। जिन्हें वहां पहले से मौजूद लोगों ने वापस कर दिया। इससे नाराज मनबढ़ों ने गोलबंद होकर लाठी डंडों के साथ दोबारा तिलक समारोह में पहुंचकर हमला बोल दिया।
इस दौरान भाई जयश्री, सतीश, धर्मवीर यादव और सुरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर कुछ देर बाद भाई जयश्री की मौत हो गई।
क्षेत्राधिकारी सदर अजय सिंह चौहान ने बताया कि मृतक जयश्री के भाई की तहरीर के आधार पर छह आरोपी रुस्तम, अख्तर, सत्तर उर्फ खइया, इब्राहिम, लालबचन, तरेस पटेल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपी इब्राहिम और लालबचन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।