गोरखपुर कैंट क्षेत्र के बेतियाहाता हनुमान मंदिर पेट्रोल पंप वाली गली में एक व्यक्ति से 1.30 लाख की लूट की सूचना झूठी थी। घटना के पीछे नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए रुपयों का मामला था। झूठी सूचना देने वाले शख्स ने बृहस्पतिवार को मॉफीनामा लिखकर दिया, जिसके आधार पर उसे छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सहजनवां निवासी छेदी पासवान बुधवार रात करीब आठ बजे बाइक घर जा रहे थे। बेतियाहाता हनुमान मंदिर से पेट्रोल पंप वाली गली में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। छेदी ने डॉयल 112 पर पुलिस को 1.30 लाख रुपये लूट की सूचना दे दी।
कैंट इंस्पेक्टर मधूप मिश्रा ने बताया कि मामले की छानबीन की गई तो यह बात सामने आई कि सूचना देने वाले छेदी ने सेमरा नंबर दो निवासी कन्हैया लाल से नौकरी के नाम पर लगभग 80 हजार रुपये ले रखा था। कन्हैया लाल उसकी तलाश में थे।
बुधवार रात में छेदी दिखा तो कन्हैया आदि ने उसे रोक लिया। खुद को बचाने के लिए छेदी ने पुलिस को गलत सूचना दी थी। इंस्पेक्टर के अनुसार सूचना देने वाले ने गलती के लिए माफी मांगी है। उससे माफीनामा लिखवाकर छोड़ दिया गया।