गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके के एक गांव में छेड़खानी से तंग आकर 16 साल की छात्रा के खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने शोहदे हरीश, सह आरोपित उसके पिता चंद्रिका और मां उषा को गिरफ्तार कर लिया है।
माता-पिता पर तहरीर में आरोप लगाया गया था कि शिकायत करने के बाद इन लोगों ने हरीश का साथ देते हुए पीड़ित परिवार से गाली-गलौज की जिससे छात्रा आहत हुई थी। पुलिस ने इसी आधार पर उनको भी आरोपित बनाकर गिरफ्तार कर लिया है। उधर, मुकदमे में खुदकुशी के लिए उकसाने की धारा बढ़ाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा पतरा गांव में कोचिंग पढ़ने जाती थी। आरोप है कि आने-जाने के दौरान पड़ोसी हरीश उसे परेशान करता था। इससे तंग आकर उसने मां को इस बारे में बताई थी। इसके बाद ही पड़ोसी के घर छात्रा के माता-पिता शिकायत लेकर पहुंचे थे लेकिन बेटे को समझाने की जगह उलटे पीड़ित परिवार पर ही लांछन लगाना शुरू कर दिया गया।
तीनों हुए गिरफ्तार
इसी बीच सोमवार को छात्रा फिर कोचिंग गई तो हरीश ने उसके साथ अश्लील हरकत की जिससे परेशान होकर उसने खुद को आग लगा ली थी। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार की दोपहर मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
छेड़खानी से आहत होकर खुदकुशी करने की खबर पाते ही पुलिस अफसरों के होश उड़ गए और आनन-फानन में पीड़ित परिवार से संपर्क किया गया। थानेदार अनिल उपाध्याय ने तहरीर लेकर पॉक्सो, छेड़खानी व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। थानेदार ने बताया कि तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चौरीचौरा सीओ रचना मिश्रा ने कहा कि पुलिस को घटना होने के बाद जानकारी दी गई थी। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।