गोरखपुर शहर के रेलवे क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम से लौटने के दौरान सोमवार देर रात कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का उपचार कराया और फिर आरोपी प्रसपा नेता व उनके दो बेटों के खिलाफ केस दर्ज किया।
बांसगांव के वार्ड नंबर नौ निवासी विश्वजीत सिंह का आरोप है कि सोमवार रात 10 बजे वे रेलवे क्लब में आयोजित प्रीतिभोज में शामिल होने गए थे। लौटते समय रेलवे क्लब गेट पर कुछ लोगों ने घेरकर उनकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस विश्वजीत को जिला अस्पताल ले गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रसपा के किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमान सिंह व उनके बेटे कमलेश, विमलेश और पांच अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज किया।
प्रभारी निरीक्षक कैंट मधुप नाथ मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी। इस मामले में प्रसपा नेता अंशुमान सिंह का कहना है कि इस घटना से मेरा व मेरे बेटों का कोई लेना देना नहीं है। गलत तरीके से केस दर्ज कराया गया है।