गोरखपुर में जय भारत महासंपर्क अभियान।
- फोटो : अमर उजाला।
'ई प्रियंका गांधी हई, इंदिरा गांधी के नातिन। निषाद समाज के हक आउर हुक़ूक़ के खातिर लड़त बाड़ी। जब बंसवार में नाव तुड़ल गइल रहे त प्रियंका गांधी ही लड़ाई लड़ले रहली।' कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कुछ इस तरह से गोरखपुर के खोराबार ब्लॉक के लालपुर टिकर गांव में जय भारत महा संपर्क अभियान के तहत लोगों से संवाद कर रहे हैं।
आजादी के 75 साल के मौके पर गांव में 75 घंटे के इस अभियान के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था, महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, किसान के लिए लड़ाई लड़ रही हैं।
इसी दौरान गांव की एक महिला ने बातों को काटते हुए कहा कि जब भी जिसका समय आता है तब वह इसी तरह की बात करता है और जब भी मतलब निकल जाता है तब कोई भी नेता पब्लिक को नहीं पहचानता।
इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने पूछा कि पिछली बार आपने कब वोट दिया था। महिला द्वारा 30 साल पहले वोट देने की बात करने पर उन्होंने कहा कि जिस वक्त आपने वोट दिया था उस वक्त कांग्रेस की सरकार थी लेकिन उसके बाद से बसपा, सपा और भाजपा की सरकार है। ऐसे में एक बार फिर आप प्रियंका गांधी को वोट दीजिए। प्रियंका गांधी निषाद समाज के हित के लिए लड़ाई लड़ रही हैं।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह, जिला अध्यक्ष निर्मला पासवान समेत कई कांग्रेसी मौजूद रहे। इसके पहले प्रदेश अध्यक्ष ने गांव में प्रभात फेरी भी निकाली। श्रमदान भी किया।