कोरोनाकाल की चुनौती के बावजूद यूपी में बेरोजगारी दर 16 फीसद घटी
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने बीते 5 साल में 5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। 1.61 करोड़ युवाओं को एमएसएमई व उद्यमों में रोजगार से जोड़ा गया है। 60 लाख हस्तशिल्पियों व कारीगरों को स्वतः रोजगार के लिए बैंकों से अनुदानित लोन उपलब्ध कराया गया है। इन सबका परिणाम पूरे देश के सामने है। वर्ष 2015-16 में यूपी में बेरोजगारी दर 18 फीसद से अधिक थी। कोरोनाकाल की चुनौती के बावजूद जबकि 40 लाख प्रवासी कामगार व श्रमिक यूपी लौटे, बेरोजगारी दर करीब 16 फीसद घटकर अब महज 2.7 फीसद पर है। इस उपलब्धि में सरकार के प्रयासों के साथ युवाओं, उद्यमियों व कारीगरों की ऊर्जा व हुनर का महत्वपूर्ण योगदान है।
एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की तरफ यूपी ने मजबूती से बढ़ाए कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने की है। इस लक्ष्य में अपना योगदान देने के लिए उत्तर प्रदेश ने अपनी अर्थव्यवस्था 1 ट्रिलियन डॉलर तक ले जाना तय किया है। इस दिशा में उद्यमियों, कारीगरों, युवाओं के बल पर हमने तेजी से कदम भी बढ़ा दिए हैं। वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में छठवें स्थान पर थी, आज यह देश में दूसरे पायदान पर है। बीते 5 साल में उत्तर प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय व जीडीपी दोगुनी हो चुकी है।
आर्थिक स्वावलंबन का रास्ता दिखा रही है सरकार
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार हरे क्षेत्र में तेजी से कार्य करते हुए सभी लोगों को आर्थिक स्वावलंबन का रास्ता दिखा रही है। केंद्र की अनेक योजनाओं के साथ ही राज्य में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जिला एक उत्पाद योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से जुड़कर युवा, कारीगर व शिल्पी स्वावलंबन के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।
डबल इंजन सरकार बनाने में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाने में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। युवाओं की उम्मीद के मुताबिक सरकार ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी- 3 में 80 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे हैं। इससे 20 लाख लोगों की नौकरी की संभावना को आगे बढ़ाया गया है। इसी क्रम में पिछले दिनों एमएसएमई विभाग ने 1.90 लाख लोगों को बैंकों से जोड़कर उन्हें रोजगार हेतु ऋण दिलाया।
नवाचार आज समय की मांग
मुख्यमंत्री ने युवाओं को कुछ नया करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नवाचार आज समय की मांग है। हमें क्षेत्र विशेष की आवश्यकता अनुसार जुड़ना होगा उसके अनुरूप कार्य योजना बनानी होगी। इस अवसर पर मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा बनाए गए ड्रोन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 20 किलो का यह ड्रोन 1 एकड़ खेत में 7 मिनट में दवाओं का छिड़काव कर सकता है। जबकि मैनुअली इस काम को करने में किसान को 1 दिन लग जाता है। उन्होंने कहा कि इस ड्रोन के लिए वह कृषि विभाग को इस प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साथ एमओयू करने के लिए निर्देशित करेंगे। इससे खेती के काम में आसानी होगी और युवाओं के हुनर को नई पहचान व रोजगार से जोड़ा जाएगा।
अवसरों की कमी नहीं, खुद को तैयार करें युवा
सीएम योगी ने कहा कि अवसरों की कोई कमी नहीं है, बस युवा खुद को तैयार करें। विपत्ति में धैर्य खोने की आवश्यकता नहीं है। इच्छा शक्ति से खुद को स्किल डेवलपमेंट से जोड़ें। सरकार भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के परिप्रेक्ष्य में ऐसे पाठ्यक्रम तैयार कर रही है। सीएम ने बताया कि युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए मुख्यमंत्री अप्रेंटिसशिप योजना लाई गई है। इसमें अंतिम वर्ष के छात्रों को इंडस्ट्री से जोड़कर उनके हुनर को और निखारा जाएगा। इस कार्य में कुछ पैसा सरकार देगी और कुछ इंडस्ट्री। युवा पढ़ाई के साथ-साथ अपने प्रोजेक्ट को भी आगे बढ़ा सकेंगे।