चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चिल्लूपार व गोरखपुर के युवाओं के सामने जिस माफिया प्रवृत्ति ने पहचान का संकट खड़ा किया था, उसे भाजपा सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति से ठिकाने लगा दिया गया है। राज्य में माफिया प्रवृत्ति के खिलाफ ऐसा जोरदार माहौल बना है, जिसके चलते पेशेवर माफिया और अपराधी थानों में जाकर माफी मांग रहे हैं। कह रहे हैं कि हमारी जान बक्श दो।
मुख्यमंत्री योगी ने चिल्लूपार से भाजपा प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी के समर्थन में रविवार को वीएसवी इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी में विकास की नई सोच विकसित हुई है। एक बार फिर चिल्लूपार नई अंगड़ाई ले रहा है। अब गोरखपुर और चिल्लूपार की नई छवि बनी है।
चिल्लूपार को लेकर बना मिथक टूटा है। पेशेवर माफिया और अपराधी नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले ग्रहण हैं। युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाना है, तो माफिया प्रवृत्ति को खत्म करना होगा। अपराधी जान की भीख मांग रहे हैं। यूपी विकास की ओर अग्रसर है। विकास की तमाम योजनाएं शुरू हुई हैं।
बांसगांव विधानसभा क्षेत्र
भाजपा सरकार सुरक्षा और सम्मान की गारंटी है। साढ़े चार साल तक घरों में छुपे लोग बाहर आ गए हैं। अचानक गर्मी दिखा रहे हैं। जैसे ही चुनाव परिणाम आएंगे, वैसे ही भागने की तैयारी कर लेंगे। यह कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। वह सोमवार देर शाम बांसगांव से भाजपा प्रत्याशी व विधायक डॉ. विमलेश पासवान के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। योगी ने कहा कि बांसगांव में विकास कार्य कराए गए हैं। गोरखपुर शहर की तरह बांसगांव के चुनाव परिणाम के प्रति निश्चिंत हैं।
जल्द ही कौड़ीराम से वाराणसी की दूरी दो घंटे में तय की जा सकेगी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जरिए तीन घंटे में लखनऊ पहुंचा जा सकेगा। माफिया के खिलाफ बुलडोजर चलता रहेगा। गो-माता को कटने नहीं देंगे और अन्नदाता किसानों की फसल को क्षति से भी बचाएंगे।
इस मौके पर बांसगांव से भाजपा सांसद कमलेश पासवान, पूर्व सांसद सुभावती पासवान, डीसीएफ के चेयरमैन महंथ सिंह, युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. विभ्राट चंद कौशिक, मार्कंडेय राय मौजूद रहे।
महराजगंज में सीएम योगी की रैली
विधानसभा चुनाव में हुए चार चरणों के मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह से बहुमत के आंकड़ों को छू लिया है। अगले दो चरणों में भाजपा की सुनामी चलेगी, जिसके डर से तमाम विपक्षी नेताओं ने 10 मार्च के बाद का इंग्लैंड, नेपाल, ब्रिटेन सहित अन्य जगहों का टिकट कटा लिया है। उक्त बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महराजगंज के सिसवा विधानसभा के निचलौल शहर में राजा रत्न सेन इंटर कालेज परिसर में आयोजित चुनावी जनसभा में कहीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले बिजली जाति और मजहब को देखकर ईद और मोहर्रम में आती थी, जबकि दीपावली और होली में गुल रहती थी, लेकिन अब भाजपा सरकार में सभी को पर्याप्त बिजली मिल रही है। योगी ने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना काल में भी सरकार ने लोगों की आजीविका और जीवन की रक्षा करते हुए फ्री में उपचार और वैक्सीन देने का काम किया। अगर सपा और बसपा की सरकार होती, तो वैक्सीन बाजारों में बिक गई होती। डबल इंजन की सरकार में लोगों को डबल राशन दिया जा रहा है। पहले की सपा सरकार ने सड़क, पुलिया, कॉलेज, अस्पताल, बिजली की सुविधा देने की जगह केवल सैफई खानदान का विकास किया, लेकिन वर्तमान की सरकार सबका साथ सबका विकास पर काम कर रही है।
सीएम ने कहा कि सरकार बनी तो उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को हर वर्ष होली और दीवाली में फ्री गैस सिलेंडर मिलेगा। ट्यूबवेल से सिंचाई करने वाले किसानों की बिजली फ्री होगी। बेटी की शादी में अनुदान के रूप में मिलने वाली 51 हजार धनराशि अब एक लाख होगी। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की धनराशि 15 हजार से 25 हजार होगी। वृद्धा, विधवा और दिव्यांगजनों की पेंशन में डेढ़ गुना बढ़ोत्तरी की जाएगी। मेधावी बेटी को मेरिट के आधार पर फ्री में स्कूटी मिलेगी। दो करोड़ युवाओं को फ्री में टैबलेट और स्मार्ट फोन देने की बात कही।
जनसभा का संचालन अभय मित्र पांडेय ने की। इस दौरान मंच पर जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र पाल, पूर्व मंत्री शिवेन्द्र सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ अंकित सिंह, प्रेम सागर पटेल, अरुण कुमार जायसवाल, नृपेंद्र विक्रम सिंह, विपिन सिंह,अम्बरीश यादव,अनिल वर्मा, कृष्ण बिहारी पाठक, बैजनाथ सिंह, श्रवण सिंह, अमित जायसवाल, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
बुलडोजर के भय से कांप रहे अपराधी
जनसभा स्थल पर रखे बुलडोजर को देख सीएम योगी उत्साहित दिखे। सीएम ने कहा कि 2017 के पहले बिजली, राशन, गरीबों के आवास का पैसा माफिया ले जाते थे। अब ऐसा नहीं होता है। अगर गरीबों के हक पर कोई डाका डालेगा, तो उसे आगे भी बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त रूप से नकेल कसी जाएगी। उन अपराधियों से रकम वसूल विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार का बुलडोजर बाढ़ रोकने, सड़क और एक्सप्रेस वे बनाने के साथ अपराधियों को मिटाने में भी कार्य करता है। बुलडोजर से अपराधी थर-थर कांप रहे हैं।
विकास करने के लिए दमदार सरकार की जरूरत
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि तेजी से विकास करने के लिए प्रदेश में दमदार सरकार की जरूरत है। प्रदेश वही है और प्रशासन भी वही है। पहले दंगे होते थे। कर्फ्यू लगता था। ईद-बकरीद पर बिजली आती थी, लेकिन होली-दिवाली पर गुल रहती थी। बेटियां स्कूल से सुरक्षित घर नहीं आ पाती थी। महिलाएं सड़क पर नहीं निकल पाती थीं। अब न तो दंगे होते हैं और न ही कर्फ्यू लगता है।
बिजली पहले आती नहीं थी अब जाती नहीं
योगी ने जनसभा में उपस्थित लोगों से बिजली की भरपूर आपूर्ति को लेकर संवाद किया। सीएम ने सवाल किया, 2017 के पहले बिजली आती थी क्या? जनता के बीच से एक स्वर में जवाब मिला-नहीं। मुख्यमंत्री ने फिर पूछा कि अब आती है या नहीं। आवाज गूंजी-हां। इस पर सीएम ने कहा पहले बिजली आती नहीं थी। अब जाती नहीं है। योगी ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि अभी तो शुरुआत है। आगे बहुत सी सौगातें मिलने वाली हैं।