नगरपंचायत मझौलीराज के चेयरमैन पर गबन का मुकदमा दर्ज
सलेमपुर(देवरिया)। सरकारी धन के गबन और दुरुपयोग के मामले में नगर पंचायत मझौलीराज के चेयरमैन गौरीशंकर गुप्ता के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को गबन का केस दर्ज किया है। सरकारी धन के गबन, सड़क निर्माण में अनियमितता, गलत तरीके से पेट्रोल-डीजल की खपत, निकाय में कराये गये कार्यों में फर्जी खर्च आदि का आरोप लगाकर दो साल पहले लोकायुक्त से शिकायत की गई थी। जांच में कुछ मामलों में चेयरमैन के दोषी पाए जाने पर शासन ने मुकदमा दर्ज कर उनसे सरकारी धन की वसूली का आदेश जारी किया था। ईओ पंकज कुमार की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
वर्ष 2019 में 11 बिंदुओं पर लोकायुक्त से शिकायत के बाद डीएम ने जिलास्तरीय टीम गठित कर मामले की जांच कराई। करीब छह मामलों में चेयरमैन दोषी मिले। जांच टीम की आख्या के मुताबिक, नगर पंचायत में बिजली के खंभे, हाईमास्ट, स्ट्रीट लाइट, तार आदि की खरीदारी में आंशिक कमी मिली। कूड़ा रखने के लिए खरीदी गई बाल्टी आदि में कुछ मामला पुष्ट हुआ। पेट्रोल-डीजल, मिट्टी के तेल आदि में भी फर्जी खपत दिखाकर भुगतान कराया गया था। इसके अलावा नाला, स्लैब, बाउंड्री के निर्माण में निम्न स्तर की ईंट व अन्य सामग्री प्रयोग किए जाने की शिकायत की पुष्टि हुई। कई जगहों पर इंटरलॉकिंग व सीसी रोड का निर्माण लोगों के व्यक्तिगत लाभ के लिए कराया गया था। इसमें करीब 12.75 लाख रुपये खर्च हुए थे। स्पीड ब्रेकर के नाम पर आठ लाख रुपये का बिल फर्जी मिला। इस आख्या के बाद डीएम ने लोकायुक्त को पत्र लिखते हुए मामले की जानकारी दी थी। मझौलीराज नगर पंचायत के ईओ पंकज कुमार की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गबन का मुकदमा दर्ज किया है। इस बाबत कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि मझौलीराज के चेयरमैन गौरीशंकर गुप्त पर गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है।