बाएं सीबीआई जांच करती टीम, दाएं मनीष के दोनों दोस्त।
- फोटो : अमर उजाला।
मनीष गुप्ता हत्याकांड की जांच करने आई सीबीआई टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को टीम ने मनीष के तीन दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया था। दो दोस्तों राणा प्रताप चंद व चंदन से करीब छह घंटे तक घटना के विषय में जानकारी ली गई।
टीम ने दोनों को रविवार को फिर से बुलाया है। इसके अलावा टीम ने सुबह शहर में घूमकर होटल से लेकर मेडिकल कॉलेज तक का लोकेशन भी देखा। टीम जल्दी ही मनीष के दोनों दोस्तों हरदीप व प्रदीप को पूछताछ के लिए बुलाएगी।
कानपुर के बर्रा निवासी कारोबारी मनीष गुप्ता हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई टीम बृहस्पतिवार को गोरखपुर पहुंची थी। टीम ने रामगढ़ताल थाने पहुंचकर एफआईआर की कॉपी लेने के अलावा घटना में प्रयुक्त गाड़ी का भी निरीक्षण किया था। शुक्रवार की सुबह दो सदस्यीय टीम शहर में निकली। सूत्रों के अनुसार टीम ने होटल कृष्णा पैलेस, मानसी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का लोकेशन देखा। इसके अलावा एसएसपी ऑफिस पहुंचकर भी अफसरों से घटना पर चर्चा की।