गोरखपुर जिले के कैंट पुलिस ने उधार लेकर रुपये हड़पने के मामले में केस दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपी कमला देवी खुद को निषाद पार्टी कोऑर्डिनेटर जोगेंद्र साहनी की मां बताती हैं और रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देती हैं। हालांकि, निषाद पाटी के जिला अध्यक्ष ने जोगेंद्र साहनी का पार्टी से कोई संबंध न होने की बात कही है। फिलहाल, एसएसपी के आदेश पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मोहद्दीपुर लेबर कॉलोनी निवासी रीता त्रिपाठी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। रीता नेतहरीर में लिखा है कि कमला देवी, निषाद पार्टी के कोऑर्डिनेटर जोगेंद्र साहनी की मां हैं। कमला देवी उनके घर आती जाती थीं। उन्होंने अपने बेटी की शादी के लिए 50 हजार रुपया मांगा।
जिसके बाद रीता के पति अखिलेश ने अपने मित्र राजेश अग्रहरि से 50 हजार रुपये उधार दिलाया था। बाकायदा स्टांप पेपर पर लिखा पढ़ी भी हुई थी, जिसमें कमला ने छह महीने में रुपये वापस देने का करार किया था, लेकिन अब वह रुपये नहीं दे रही हैं, बल्कि, हत्या करने की धमकी दे रही हैं।
निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष संतोष साहनी ने कहा कि जोगेंद्र साहनी नाम का निषाद पार्टी में कोई भी कोऑर्डिनेटर नहीं है। पार्टी से इनका कोई लेना-देना नहीं है।