गोरखपुर जिले के कैंट इलाके में मोबाइल फोन लूट के बाद पीड़ित ने बदमाशों की बाइक का नंबर नोट कर लिया। इसकी मदद से बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लूट के दो मोबाइल फोन व घटना में इस्तेमाल बाइक को बरामद कर लिया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के भगवान खुर्द निवासी राजू पटेल के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय के मुताबिक, झंगहा इलाके के अमहिया निवासी राजेश्वर प्रसाद के साथ 28 नवंबर की रात में मोबाइल फोन लूट की घटना हुई थी।
इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल फोन लूट लिया था। 29 नवंबर को पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और फिर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक आरोपी राजू पटेल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी राजू ने बताया कि वह अपने गांव के ही साथी धनंजय पटेल उर्फ पहेटू के साथ मिलकर मोबाइल फोन की लूट करता है। लूट के मोबाइल फोन को बेचकर शौक पूरे करता है। पुलिस अब उसके साथी धनंजय की तलाश कर रही है।