राजभवन में कुलाधिपति से गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति के साथ गुआक्टा के पदाधिकारियों ने मुलाकात की।
- फोटो : अमर उजाला।
कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल के समक्ष राजभवन में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय गोरखपुर के कुलपति प्रो. राजेश सिंह और गुआक्टा पदाधिकारियों की मुलाकात हुई। लंबे समय से चल रही तकरार को लेकर दोनों पक्षों की वार्ता हुई। इसमें कुलपति ने शिक्षकों की सभी मांगों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने की बात कही। कुलाधिपति ने सहमति बनाकर काम करने के आदेश दिए हैं।
यह जानकारी गुआक्टा अध्यक्ष डॉ. केडी तिवारी और महामंत्री डॉ. धीरेंद्र सिंह ने दी है। बताया कि कुलपति ने सभी की सहमति से विश्वविद्यालय की नियमावली के अनुरूप सभी कार्यों को संपादित करने का भरोसा दिया है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप शुक्रवार को हुई बैठक में विश्वविद्यालय से संबद्ध स्नातक शिक्षकों को शोध निर्देशक बनाए जाने, महाविद्यालय के शिक्षकों को बिना तीन वर्ष की छुट्टी लिए पीएचडी कार्य पूर्ण करने तथा परीक्षा समिति, विद्या परिषद एवं कार्यपरिषद में वरिष्ठता के आधार पर भागीदारी तय किए जाने जैसे मुद्दों पर भी खुलकर बात हुई है।
बताया कि कुलाधिपति ने सहमति बनाकर काम करने के आदेश दिए हैं। बताया कि शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल में भारतीय महाविद्यालय विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. विवेक द्विवेदी, उत्तर प्रदेश विश्विद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान, गुआक्टा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एसएन शर्मा शामिल हुए।
शिक्षकों और कुलपति के बीच चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति और गुआक्टा के शिक्षकों और पदाधिकारियों के बीच विवाद चल रहा था। इस मुद्दे को लेकर पहली बार कुलपति और शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल राजभवन में गया है। राजभवन में मामला जाने के बाद विवाद पूरी तरह से थमता नजर आ रहा है।