गोरखपुर विश्वविद्यालय में पांच नए इंस्टीट्यूट खुलेंगे। उसके अंतर्गत आने वाले 13 सेंटर सहित 63 पाठ्यक्रमों को शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने पेपरलेस वर्क की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
विश्वविद्यालय में कुलपति की मौजूदगी में शुक्रवार को हुई कार्य परिषद की बैठक में प्रस्तावों पर स्वीकृति दी गई। कार्य परिषद ने उन 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी जिन्हें संस्तुति के लिए राज्य सरकार के पास भेजा जाना है।
बैठक में विश्वविद्यालय वित्त समिति की पिछली तीन बैठकों की संस्तुतियों को अनुमोदित किया गया। पेपरलेस वर्क पर तय हुआ कि इस महत्वपूर्ण योजना को अगली कार्य परिषद की बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा। कुलपति ने बताया कि इस योजना के तहत बहुत जल्द विश्वविद्यालय की सभी फाइलें डिजिटल फॉर्म में हो जाएंगी।