उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कोरोना महामारी के बीच ओपीडी सेवा फिर से शुरू कर दी गई है। मरीजों को इलाज से एक दिन पहले फोन से रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद मरीजों को बुलाया जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने इसे लेकर पांच मोबाइल नंबर जारी किए हैं। इसमें एक व्हाट्सएप नंबर भी है।
जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में मेडिसिन, गायनी, आर्थोपेडिक, बाल रोग, जर्नल सर्जरी, नेत्र रोग, मानसिक रोग, नाक-कान-गला तथा चर्म रोग विभाग में ओपीडी शुरू हो गई है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए ओपीडी के फॉर्मेट में बदलाव किए गए हैं। मरीज सीधे ओपीडी में आकर इलाज नहीं करा सकेंगे।
इलाज के लिए मरीज या फिर तीमारदार को एक दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज की ओर से जारी किए गए नंबरों पर फोन कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद अगले दिन तय समय पर वह कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए संबंधित विभाग में इलाज करा सकेंगे। मरीजों को इस दौरान पर्चा व परामर्श भी दिया जाएगा।