देवरिया जिले के भटनी वाराणसी रेलखंड पर धरमेर गांव के सामने ट्रेन से कटकर एक किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि दो घंटे तक शव सीमा विवाद में फंसा रहा।
भटनी वाराणसी रेलखंड पर मईल थाना क्षेत्र के धरमेर गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर शव देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची मईल पुलिस शव को कब्जे में लेने के लिए दो घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही।
मईल पुलिस का कहना था कि रेलवे ट्रैक के पूरब तरफ की पटरी लार थाने में पड़ती है। मईल पुलिस ने जब इसकी जानकारी लार पुलिस को दी तो लार पुलिस ने घटना स्थल को मईल थाने में बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया। थक-हारकर मईल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक किशोर के बैग की तलाशी लेने पर उसमें से मिले आई कार्ड से उसकी पहचान बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र के चौकियां मोड़ निवासी रोहित कुमार (15) पुत्र रंजन मद्धेशिया के रूप में हुई। मईल पुलिस ने बलिया की उभांव पुलिस को सूचना दी तो किशोर के परिजन हतप्रभ रह गए। दहाड़े मारकर रोने लगे।
परिजनों ने बताया कि रोहित घर से कोचिंग के लिए निकल था। यहां किसी तरह की ऐसी बात नहीं थी। इस बाबत एसआई राघवेंद्र सिंह ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।