गोरखपुर में भाजपा यूपी प्रभारी राधा मोहन सिंह।
- फोटो : अमर उजाला।
यूपी प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि यूपी में भाजपा अगले 25 वर्षों तक राज करेगी। किसी राजनीतिक दल से कोई मुकाबला नहीं रह गया है। जिला और विधानसभा क्षेत्रों की चुनाव संचालन समितियां अच्छा काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज से जनता खुश है। 2022 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सरकार बनेगी।
गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज व कुशीनगर के 28 विधानसभा क्षेत्रों की चुनाव संचालन समितियों की बैठक शनिवार को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में हुई है। इसमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला चुनाव संचालन समिति व विधानसभा चुनाव संचालन समिति के पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया गया। यूपी के प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। ऐसी रणनीति बनानी है कि चुनाव के दिन मतदाता घर से निकलें और ईवीएम पर कमल का बटन दबाएं।
गोरखपुर क्षेत्र के चुनाव प्रभारी अनूप गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार का मात्र उद्देश्य सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास व सबका प्रयास है। इसी दम पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि यूपी के सभी मंडलों में चुनाव संचालन समिति की बैठक हो रही है। जल्द ही बस्ती और आजमगढ़ मंडल में भी होगी। क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप शुक्ला ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव से बड़ी जीत मिलने वाली है। यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत से संभव होगा। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता मौजूद रहे।