देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के नरौली संग्राम मोड़ के पास अचानक एक ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिया। जिससे पीछे से आ रही कार ट्रक से जा भिड़ी। कार और ट्रक की भिड़ंत में कार सवार चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। जहां डाक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि चालक का प्राथमिक उपचार कर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना के बाद स्वास्थ्य केन्द्र पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक, सलेमपुर उपनगर के सलाहाबाद वार्ड नंबर 6 निवासी महेंद्र चौहान (65) भाटपाररानी क्षेत्र के शुकवां गांव निवासी धनंजय यादव (24) की कार से किसी कार्यवश देवरिया गए थे। कार धनंजय चला रहा था। बताया जा रहा है कि कार अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर खुखुंदू के नरौली संग्राम मोड़ के पास पहुंची थी।
इसी दौरान कार के आगे चल रहे ट्रक के चालक ने गाड़ी में अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे कार ट्रक में जा भिड़ी। कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आस पास के लोगों ने मौके पर पहुंच दोनों घायलों को कार से बाहर निकालकर न्यू पीएचसी खुखुंदू भिजवाया। जहां डाक्टर ने महेंद्र चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक धनंजय को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में चीख- पुकार मच गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी लीलावती देवी, बेटे हरी शहाय और राजकुमार बदहवास पड़े हैं। एसओ अनिल कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन उससे पहले चोटिल अस्पताल पहुंच गए थे। डाक्टर के मृत घोषित करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।