दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के बीए और एमए प्रथम सेमेस्टर (सीबीसीएस पैटर्न) और एमए तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 जनवरी से प्रारंभ होंगी। उन्हीं विद्यार्थियों का एडमिट कार्ड डाउनलोड होगा जिन्होंने समस्त शुल्क जमा करा दिया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक जिन अभ्यर्थियों ने फीस जमा नहीं कराई है वह 12 जनवरी तक इसे जमा कर दें। 14 जनवरी तक विलंब शुल्क के साथ ही परीक्षा शुल्क जमा होगा। जो विद्यार्थी समस्त शुल्क नहीं जमा करेंगे उनका एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं होगा।
पहले सेमेस्टर में मिड टर्म और एंडटर्म की परीक्षा एक साथ होगी। परीक्षा का प्रारूप ऑब्जेक्टिव और सब्जेक्टिव होगा। एमए तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा पुराने पैटर्न पर होगी। समस्त शुल्क जमा कराने वाले अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन नंबर, जन्मतिथि को डालकर लॉगिन करके एडमिट कार्ड को डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा के दौरान सरकार द्वारा जारी कोविड गाइडलाइंस का शतप्रतिशत पालन होगा। विश्वविद्यालय ने शुचितापूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय सहित तीन नोडल सेंटर बनाए हैं। परीक्षा संबंधी सूचनाएं विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट
www.ddugu.ac.in पर प्राप्त कर सकते हैं।