पांच दिवसीय संभागीय नाट्य समारोह का आयोजन पांच मई से गोरखपुर विश्वविद्यालय के संवाद भवन में होगा। समारोह में प्रदेश भर के रंगकर्मी अपनी नाट्य मंचन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
समारोह के स्थानीय संयोजक संगीत नाटक एकेडमी के सदस्य राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत संगीत नाटक एकेडमी, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित हो रहे समारोह का उद्घाटन पांच मई राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ल करेंगे। समारोह में प्रयागराज, सहारनपुर और लखनऊ की टीमें नाट्य प्रस्तुति देंगे। समारोह में प्रवेश निशुल्क होगा।
बताया कि पहले दिन पांच मई की शाम 6:30 बजे से लखनऊ कम्युनिकेशन सोसायटी के नाटक ‘मिस अहलूवालिया’, छह को सोशल पैरिटी एक्टिव कल्चरल एंड एजुकेशनल सोसायटी सहारनपुर की ओर से ‘सरफरोशी की तमन्ना’, सात मई को इमेज आर्ट एंड कल्चरल सोसायटी लखनऊ की ओर से ‘कहानियों का मंचन’, विनोद रस्तोगी स्मृति संस्थान प्रयागराज की ओर से ‘बैंड मास्टर’ और नौ मई को सृजन शक्ति वेलफेयर सोसायटी के नाटक ‘मंदिर’ का मंचन किया जाएगा।