कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पीने से पति-पत्नी की मौत, बेटी गंभीर
मायके जाने की जिद्द पर हुआ विवाद, पहले पत्नी और बेटी को पिलाया, फिर खुद पी लिया जहर
कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के अमवा श्रीदुबे गांव की घटना, आर्थिक हालत भी ठीक नहीं थी
जौरा बाजार (कुशीनगर)। पटहेरवा थानाक्षेत्र के अमवा श्रीदुबे गांव में पत्नी के मायके जाने की जिद्द करने से नाराज पति ने मंगलवार रात कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पहले पत्नी और एक बेटी को पिला दिया। बाद में खुद पी लिया। पति-पत्नी की मौत हो गई जबकि बेटी की हालत गंभीर बताई जा रही है। वह जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने पति-पत्नी के शवों का पोस्टमार्टम कराकर विसरा सुरक्षित कर लिया है।
मृतक के पुत्र, पुत्री और ग्रामीणों के मुताबिक अमवा श्रीदुबे निवासी रामप्रवेश के तीन बेटों में बड़ा बेटा अजीत गुप्ता (32) एक साल पहले तक मुंबई में कमाता था। वहां से आने के बाद उसे इंसेफेलाइटिस हो गया। इलाज से उसकी जान तो बच गई, लेकिन दिमागी हालत ठीक नहीं थी। इस वजह से मुंबई में उसका रोजगार छूट गया। तब से वह घर था। उसके पिता रामप्रवेश गांव से दो किमी दूर धनहां चौराहा पर गुमटी में नमकीन-चिप्स आदि बेचते हैं। रोजगार न होने के कारण अजीत के सामने आर्थिक तंगी भी आ गई थी। इससे उसका समुचित इलाज नहीं हो पा रहा था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह पत्नी सिंधु गुप्ता मायके जाने की जिद्द करने लगी। इस पर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। बाद में अजीत बाइक से पत्नी को तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के धारीपट्टी स्थित अपनी ससुराल लेकर चला गया। देर शाम दोनों घर वापस आए। रात में अजीत ने पत्नी सिंधु (30), बेटी नंदनी (12) और बेटा अंशु (09) को बुलाया। अंशु बाबा के साथ अंडा खाने जाने की बात कहकर उनके पास नहीं गया। बेटी नंदनी के मुताबिक इसके बाद पापा ने मम्मी और उसको कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। इसके बाद खुद भी पी लिया। कुछ देर बाद तीनों की हालत बिगड़ने लगी। कुछ देर बाद बेटा अंशु जब आया तो कमरा अंदर से बंद पाया। उसने शोर मचाया तो लड़खड़ाते हुए नंदनी ने दरवाजा खोला। तब तक परिवार के अन्य सदस्य भी जुट गए। तीनों की हालत देख सभी सन्न रह गए। उन्हें बाइक से फाजिलनगर सीएचसी ले गए, जहां हालत नियंत्रण से बाहर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को देर रात अजीत की मौत हो गई। जबकि पत्नी ने बुधवार सुबह नौ बजे दम तोड़ा। नंदनी की स्थिति में सुधार है। दोपहर करीब एक बजे एएसपी रितेश कुमार सिंह, पटहेरवा थाने के एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच कर लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।
...
पति-पत्नी में हुआ था झगड़ा : एसपी
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि अजीत को इंसेफेलाइटिस हुआ था। मृतक दंपती की बेटी ने पुलिस को बयान दिया है कि उसकी मां मायके जाने की जिद्द कर रही थी। इस बात पर मम्मी-पापा के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद पापा ने कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर मम्मी और उसे पिला दिया। विसरा को सुरक्षित कर लिया गया है। विसरा परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि यह पता चल सके कि कौन सा जहर था। लड़की की हालत में पहले से सुधार है।