कोरोना से मुकाबले के इंतजाम चौक-चौबंद करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर उपलब्ध सुविधाओं की जांच की जाएगी। डीएम विजय किरन आनंद ने इसके लिए एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया है।
डीएम ने बताया कि सीएचसी एवं पीएचसी की जांच के लिए दो-दो अधिकारियों की टीमें बनाई गई हैं। किन बिंदुओं पर जांच करनी है, उसकी जानकारी दे दी गई है। जांच में जो खामी मिलेगी उसे दूर किया जाएगा।
ये अधिकारी करेंगे जांच
सीएचसी कैंपियरगंज में कैंपियरगंज के एसडीएम, सीएचसी एवं पीएचसी जंगल कौड़िया में जिला प्रोबेशन अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरगांवा में एसडीएम सदर, भटहट में जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीएचसी बरही एवं पीएचसी ब्रह्मपुर में जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, राजकीय होम्योपैथी कॉलेज बड़हलगंज में एसडीएम गोला, सीएचसी सहजनवां व पीएचसी पिपरौली में एसडीएम सहजनवां, सीएचसी पाली में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, गगहा में जिला कृषि अधिकारी, सीएचसी बड़हलगंज व पीएचसी डेरवा में समाज कल्याण अधिकारी, सीएचसी बांसगांव में एसडीएम बांसगांव, पीएचसी कौड़ीराम व उरुवा में उपनिदेशक कृषि, सीएचसी पिपराइच एवं सिहोरिया में परियोजना निदेशक डीआरडीए, सीएचसी बेलघाट में जिला मत्स्य अधिकारी, पीएचसी सरदारनगर, सीएचसी चौरीचौरा में एसडीएम चौरीचौरा, सीएचसी हरनही, पीएचसी खजनी में एसडीएम खजनी, सीएचसी गोला में जिला कृषि रक्षा अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। इन अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी रहेंगे।
इन बिंदुओं पर होगी जांच
बेड की कुल संख्या, बेड के बीच में पर्याप्त स्थान है या नहीं, कक्ष में वेंटीलेशन की व्यवस्था, परीक्षण स्थल, ऑक्सीजन प्लांट की उपलब्धता, प्लांट पूरी तरह से संचालित हो रहा है या नहीं।