दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सत्र 2021-22 में प्रवेश के लिए देश के विभिन्न कोनों के विद्यार्थियों ने रुचि दिखाई है। स्नातक, परास्नातक कक्षाओं के साथ स्पेशल कोर्स में प्रवेश के लिए 27 राज्यों से अब तक करीब 75,545 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।
विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक स्नातक में विभिन्न विषयों की पढ़ाई के लिए 56,398 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। सीटों की संख्या 4022 है। यानी 14 गुणा अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। स्पेशल कोर्स में कुल 8827 सीटें हैं। यानी अब तक कुल आवेदनों की संख्या आठ गुणा अधिक है। ऐसे ही स्नातकोत्तर के विभिन्न विषयों के लिए 17293 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। जबकि सीटों की संख्या 1905 है। यानी नौ गुणा अधिक आवेदन आए हैं।
स्नातक प्रवेश परीक्षा के समन्वयक प्रो. विनय सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते कुलपति प्रो. राजेश सिंह के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने आवेदन की आखिरी तिथि को बढ़ाकर 22 जुलाई कर दिया है। आने वाले दिनों में आवेदनों की संख्या और बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा से जुड़ी जानकारी अभ्यर्थी
http://ddugorakhpur.com/entrance21 लिंक से हासिल कर सकते हैं।
बाहरी राज्य के आवेदकों को मिलेगा अधिसंख्य कोटा का लाभ
स्नातक और परास्नातक प्रवेश परीक्षा में बाहरी राज्यों से आवेदन करने वाले ऐसे अभ्यर्थी जो प्रवेश परीक्षा में सफल नहीं हो सकेंगे। उन्हें अधिसंख्य कोटा के तहत प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए दो प्रतिशत सीटें सुरक्षित की गईं हैं। ये सीटें मूल सीटों से अलग होंगी। इससे विश्वविद्यालय को नैक मूल्यांकन में लाभ मिलेगा।
इन प्रदेशों से आए आवेदन
उत्तर प्रदेश- 41,000, बिहार- 2,500, दिल्ली- 67, राजस्थान- 83, पश्चिम बंगाल- 44, मध्यप्रदेश- 37, झारखंड- 36, हरियाणा- 25। इनके अलावा कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, तमिलनाडु, मिजोरम, आसाम, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड और दमन-दीव आदि से आवेदन आए हैं।