अलंकार योजना के तहत गोरखपुर जिले के 21 सरकारी विद्यालयों को निजी स्कूलों की तरह तैयार किया जाएगा। डीएम ने बुधवार को प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करके इस संबंध में प्रस्ताव मांगा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों की स्थिति सुधारने के संबंध में प्रस्ताव डीआईओएस के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए।
डीएम विजय किरन आनंद बताया कि प्रदेश सरकार अलंकार योजना के तहत सरकारी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्कूलों की सूरत बदलने वाली है। सरकारी स्कूलों में शासन की ओर से निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके लिए सरकार ने प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों से प्रस्ताव मांगा है। जल्द शासन से बजट मिलने की उम्मीद है।
सुविधाएं मिलने से सरकारी स्कूलों की दशा तो सुधरेगी ही, शिक्षा के स्तर में भी सुधार होगा। उन्होंने बताया कि शासन की तरफ से 12 बिंदुओं को शामिल किया गया है। सरकारी विद्यालयों को स्वच्छ पेयजल, छात्र छात्राओं के लिए अलग-अलग क्लासरूम, प्रयोगशाला, खेल मैदान, बैडमिंटन, वॉलीबॉल कोर्ट, ओपन जिम, बाउंड्री वॉल, गेट का निर्माण, मल्टीपरपज हॉल, साइकिल स्टैंड, स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी, सोलर प्लांट की स्थापना, रेन वाटर हार्वेस्टिंग आदि सुविधाओं से लैस किया जाना है।