चौपाल में समस्याएं सुनते एसएसपी डॉ. विपिन ताडा।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को पुलिस की चौपाल में उत्पातियों के बारे में जानकारी ली गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के खूनीपुर इलाके में पहुंचे एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने पहले बीट सिपाही और आम लोगों से संवाद कर वहां की समस्या जानी। फिर उत्पातियों के बारे पूछा।
पूछा कि, चुनाव के लिहाज से क्या-क्या सतर्कता बरती जा सकती है। दूसरे अफसरों ने भी आम लोगों और चौकीदारों से संवाद कर चुनाव में खलल डालने वाले लोगों की जानकारी जुटाई। 44 जगहों पर लगी चौपाल में कुल 159 मामले सामने आए। इसमें से 70 का निस्तारण किया गया। चार मामलों में पाबंद करने की कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक, एसएसपी के सामने व्यापारियों ने भीड़भाड़ वाले इलाके नखास, खूनीपुर में पुलिस पिकेट लगाए जाने की मांग उठाई। इस पर एसएसपी ने तत्काल पुलिस पिकेट लगाने का आदेश दिया। आम लोगों ने जाम की समस्या के बारे में बताया।
एसएसपी के सामने कोतवाली क्षेत्र के कुल 13 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें चार का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। तीन मामलों में जांच के आदेश दिए गए। एसएसपी समेत सभी अफसरों ने चौपाल वाले थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाया। साथ ही उनसे बातचीत कर समस्याओं के बारे में जानकारी भी हासिल की।