जॉर्ज क्लूनी ने जुलाई की शुरुआत में एक ऑप-एड लिखा था, जिसमें बाइडन से देश की भलाई के लिए पद छोड़ने का आग्रह किया गया था। उनके इस लेख को लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली थीं, जिसमें बाइडन समर्थकों और कुछ ट्रम्प समर्थकों की आलोचनाएं शामिल थीं।
अभिनेता और प्रमुख डेमोक्रेटिक फंडरेजर जॉर्ज क्लूनी ने हाल ही में जो बाइडन के रेस से बाहर होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है। क्लूनी ने फिर से चुनाव न लड़ने का फैसला करने के लिए राष्ट्रपति बाइडन को धन्यवाद दिया है। उन्होंने हाल ही में वर्तमान राष्ट्रपति बाइडन की प्रशंसा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने दिखाया है कि सच्चा नेतृत्व क्या है।
विज्ञापन
क्लूनी ने की बाइडन की प्रशंसा
जॉर्ज क्लूनी ने कहा, 'राष्ट्रपति जो बाइडन एक बार फिर लोकतंत्र को बचा रहे हैं। हम सभी उपराष्ट्रपति हैरिस को उनकी ऐतिहासिक खोज में समर्थन देने के लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, करने के लिए बहुत उत्साहित हैं।' कमला हैरिस ने राष्ट्रपति पद के लिए पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार बनने के लिए डेमोक्रेटिक प्रतिनिधियों से पर्याप्त समर्थन हासिल किया है।
बाइडन से किया था पद छोड़ने का आग्रह
जुलाई की शुरुआत में जॉर्ज क्लूनी ने एक ऑप-एड लिखा था, जिसमें बाइडन से देश की भलाई के लिए पद छोड़ने का आग्रह किया गया था। उन्होंने लिखा था, 'हम राष्ट्रपति के साथ नवंबर में जीतने वाले नहीं हैं। इसके अलावा हम सदन नहीं जीतेंगे और हम सीनेट भी हार जाएंगे।' क्लूनी ने अपने लेख में कहा, 'वह वही व्यक्ति थे, जिसे हम सभी ने बहस में देखा था।' उनके इस लेख को लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली थीं, जिसमें बाइडन समर्थकों और कुछ ट्रम्प समर्थकों की आलोचनाएं शामिल थीं। इसमें खुद डोनाल्ड ट्रम्प भी शामिल थे।
विज्ञापन
कई सितारों ने किया हैरिस का समर्थन
जॉर्ज क्लूनी अकेले ऐसे सेलिब्रिटी नहीं हैं, जिन्होंने कमला हैरिस के लिए समर्थन व्यक्त किया है। अब तक कई स्टार्स उन्हें अपना समर्थन दे चुके हैं। गायिका डेमी लोवाटो ने हैरिस के साथ अपनी एक तस्वीर साझा कर उनका समर्थन किया था। गायक जॉन लीजेंड ने भी हैरिस का हर संभव तरीके से समर्थन करने के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त की। उन्होंने एक नोट साझा कर लिखा, 'हैरिस इस लड़ाई के लिए तैयार हैं और मैं उनकी हर संभव मदद करने के लिए उत्साहित हूं।'