दलपति विजय की नई फिल्म 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' की विल स्मिथ की 'जैमिनी मैन' से तुलना की जा रही है। इस मामले पर फिल्म के निर्देशक वेंकट प्रभु की ओर से जवाब आ गया है।
दलपति विजय की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' का ट्रेलर शनिवार शाम को रिलीज हो चुका है। ट्रेलर में विजय को जमकर मारधाड़ करते हुए देखा गया। इसे 5 सितंबर, 2024 को रिलीज किया जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन वेंकट प्रभु ने किया है। चेन्नई में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान वेंकट ने अपनी इस फिल्म की 'जैमिनी मैन' से तुलना होने के मामले पर जवाब दिया है।
'जैमिनी मैन' से फिल्म की तुलना होने पर दिया ये जवाब
'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' की तुलना 'जैमिनी मैन' से की जा रही है। यह भी एक एक्शन साइंस फिक्शन फिल्म है, जो साल 2019 में रिलीज हुई थी। इसमें विल स्मिथ ने मुख्य किरदार निभाया है। इस फिल्म से तुलना होने के सवाल पर वेंकट प्रभु ने कहा कि 'जैमिनी मैन' और 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' एक जैसी फिल्में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि केवल इतना ही है कि विल स्मिथ की इस फिल्म में पहली बार डी-एजिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया था। बता दें कि वेंकट की फिल्म में भी इसी तकनीक का प्रयोग किया गया है।
फिल्म का नाम तमिल में क्यों नहीं रखा
वेंकट से फिल्म के शीर्षक को लेकर भी सवाल पूछा गया कि उन्होंने तमिल नाम रखने के बजाय अंग्रेजी नाम क्यों रखा। अपने जवाब में वेंकट ने कहा कि हर भाषा में एक सटीक ट्रेंडिंग हैशटैग का इस्तेमाल करना मुश्किल होता है। बस इसीलिए इसे रखा गया है, क्योंकि ये एक ट्रेंडी टाइटल है।