'सुरवीन गुग्गल' और 'एक वीर की अरदास...वीरा' जैसे हिट टीवी शो दे चुके शिविन नारंग नए शो के साथ टीवी पर वापसी करने जा रहे हैं । इस शो का नाम 'इंटरनेट वाला लव' है । शो में शिविन के साथ तनीषा शर्मा भी लीड रोल में होंगी। शो आज यानी 21 अगस्त से कलर्स चैनल पर ऑन एयर होने जा रहा है ।
कुछ समय पहले शो का एक प्रोमो वीडियो लॉन्च किया गया था । जिसमें दो पंडित शिविन और तनीषा की कुंडली मिलवाने की कोशिश करते हैं । 36 गुण मिलने के बावजूद 37वां गुण नहीं मिलता । शो के अनुसार 37वां गुण इंटरनेट का है ।
अमर उजाला से बातचीत के दौरान शिविन ने बताया कि इस शो की कहानी बाकी शो से काफी अलग है । शो ऑनलाइन डेटिंग पर आधारित है । इस लव स्टोरी में लड़का पूरा समय इंटरनेट में लगा रहता है, वहीं लड़की इंटरनेट से कोसों दूर भागती है ।
शिविन लंबे समय बाद टीवी पर वापसी करने जा रहे हैं । उन्होंने कहा, 'वीरा करने के बाद कुछ समय तक मैंने खुद के लिए समय निकाला । मैं कुछ नया सीखा। मैंने ट्रैवलिंग की।' बिग बॉस के बारे में शिविन ने कहा, 'जब से इंडस्ट्री में आया हूं बिग बॉस को लेकर कुछ ना कुछ बात चलती रहती है लेकिन अभी मैं किसी भी रियलिटी शो में काम नहीं करना चाहता ।'
शो की लीड तनीषा इससे पहले तक हिस्टॉरिकल शो में नजर आई हैं । इसमें 'भारत का वीरपुत्र- महाराणा प्रताप', 'अशोक सम्राट' और 'महाराजा रंजीत सिंह' शामिल है । अपने नए शो के बारे में बताते हुए तनीषा ने कहा, ' मैं कुछ अलग करना चाहती थी इसलिए ये शो चुना ।' शो में तनीषा आद्या वर्मा का किरदार निभा रही हैं जो ऑनलाइन डेटिंग को अच्छा नहीं मानती ।