अर्जुन कपूर ने अपनी पहली फिल्म 'इश्कजादे' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी सफल भी रही। फिल्म के अर्जुन के अलावा परिणीति चोपड़ा भी नजर आई थीं। फिल्म में दोनों के काम की काफी सराहना भी हुई थी। हालांकि, उसके बाद अर्जुन का फिल्मी करियर रफ्तार नहीं पकड़ सका, लेकिन एक बार फिर अर्जुन का नाम सुर्खियों में है। इस बार वह किसी फिल्म की वजह से नहीं, अपने जिंदादिली की वजह से सुर्खियां बटोर रहे हैं।
जताई मदद की इच्छा
कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें दिल्ली का एक दस वर्षीय लड़का अपने पिता की मौत के बाद चिकन रोल्स की दुकान संभाल रहा था। जसप्रीत नाम के इस बच्चे के पास कोई दूसरा चारा नहीं था। एक फूड ब्लॉगर ने इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसके बाद भावुक कर देने वाली यह वीडियो तेजी से वायरल हो रही थी। जब यह खबर अर्जुन तक पहुंची तो उन्होंने जसप्रीत को आर्थिक तौर मदद करने की इच्छा व्यक्त की।
दोनों बच्चों की शिक्षा का उठाना चाहते हैं जिम्मा
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी साझा करते हुए जसप्रीत और उसकी बहन की पढ़ाई का खर्च उठाने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने लिखा,"चेहरे पर मुस्कान लेकर, वह आगे की जिंदगी और उसके साथ में आने वाली सभी चीजों का सामना कर रहा है। मैं इस 10 वर्षीय बच्चे को सलाम करता हूं जिसने अपने पिता के निधन के 10 दिनों के भीतर उनका काम संभालने का साहस दिखाया। अपने पैरों पर खड़ा होने की ताकत दिखाई। मुझे उसकी या उसकी बहन की शिक्षा में मदद करने में खुशी होगी, यदि किसी को उसके बारे में पता हो तो मुझे अवश्य बताएं।"
फैंस कर रहे तारीफ
अर्जुन के इस कदम के बाद उनके फैंस उनकी काफी तारीफ कर रहे हैं। उनके इस कदम की खूब सराहना की जा रही है। एक यूजर ने लिखा, 'आपने एक बेहतरीन मिसाल पेश की है'। वहीं एक अन्य यूजर ने उनकी तारीफ में लिखा,'देश को आप जैसे अन्य जागरुक लोगों की जरुरत है'। सोशल मीडिया पर लोग अर्जुन की तारीफ में लगातार कमेंट कर रहे हैं। बात करें अर्जुन की वर्क फ्रंट की तो वह निर्देशक रोहित शेट्टी की कॉप यूनिवर्स की आगामी फिल्म 'सिंघम अगेन' में नजर आएंगे। इस फिल्म में वह विलेन के किरदार में नजर आएंगे। रणवीर सिंह, अजय देवगन, अक्षय कुमार जैसे अभिनेताओं की मौजूदगी में अर्जुन को विलेन के अवतार में देखना, उनके फैंस के लिए काफी मजेदार होगा।