साल 2009 में आई फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ तो याद ही होगी आप सभी को। फिल्म की कहानी और किरदारों के चलते दर्शकों और समीक्षकों ने इसकी खूब सराहना की थी। फिल्म के ‘ऑल इज वेल’ और ‘अब्बा नहीं मानेंगे’ जैसे डायलॉग आज भी लोगों की जुबान पर मौजूद हैं। आमिर खान, आर माधवन और शरमन जोशी ने अपने किरदारों को इतनी बखूबी निभाया कि वह दर्शकों के दिल में उतर गए। इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया था। अब निर्देशक ने फिल्म के एक दृश्य को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म का एक दृश्य उनकी असल जिंदगी से प्रेरित है। आइए जानते हैं वह कौन सा दृश्य है जो राजकुमार हिरानी की जिंदगी से प्रेरित है।
ये दृश्य है निर्देशक की असल जिंदगी से प्रेरित
हाल ही में एक साक्षात्कार के दौरान निर्देशक राजकुमार हिरानी ने फिल्म से जुड़ा एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म का एक मशहूर दृश्य उनकी असल जिंदगी से प्रेरित है। निर्देशक ने अपने सफर और करियर के बारे में बात करते हुए बताया कि ‘थ्री इडियट्स’ का सबसे मशहूर दृश्य जिसमें फरहान (आर माधवन) अपने पिता से वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर बनने की बात स्वीकार करते हैं। वह उनकी असल जिंदगी के अनुभवों से प्रेरित है।