निखिल आडवाणी की वेब सीरीज ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ का पोस्टर रिलीज हो चुका है। इस सीरीज में दर्शकों को स्वतंत्रता आंदोलन समेत भारत और पाकिस्तान के विभाजन की कहानी देखने को मिलेगी।
मई महीने में जब वेब सीरीज ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ से किरदारों के फर्स्ट लुक को जारी किया गया था, तभी से इसे लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ना शुरू हो गया था। अब इस सीरीज के निर्माताओं ने इसका पोस्टर जारी कर दिया है, जो काफी दमदार नजर आ रहा है। सीरीज का निर्देशन निखिल आडवाणी ने किया है।
इन कलाकारों ने निभाया है महात्मा गांधी, पंडित नेहरु और सरदार पटेल का रोल
‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ के पोस्टर में महात्मा गांधी, सरदार पटेल और पंडित नेहरू के किरदार को देखा जा सकता है। इस सीरीज में देश की आजादी की कहानी देखने को मिलेगी। सीरीज लैरी कॉलिन्स और डोमिनिक लैपिएर की इसी नाम की किताब पर आधारित है। इसमें महात्मा गांधी का किरदार चिराग वोहरा निभा रहे हैं। वहीं, देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू का किरदार सिद्धांत गुप्ता और सरदार वल्लभ भाई पटेल का रोल राजेंद्र चावला अदा कर रहे हैं।
दिलचस्प होगा भारत और पाकिस्तान के विभाजन की कहानी को देखना
‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ एक पॉलिटिकल ड्रामा सीरीज है, जिसमें दर्शकों को स्वतंत्रता आंदोलन समेत भारत और पाकिस्तान के विभाजन की कहानी देखने को मिलेगी। उम्मीद है कि इसमें भारत की आजादी की लड़ाई लड़ने वाले प्रमुख लोगों और उनसे जुड़ी दिलचस्प घटनाओं को गहराई से जानने का मौका मिलेगा। इस सीरीज को जल्द ही सोनी लिव पर रिलीज किया जाएगी। फिलहाल स्ट्रीमिंग की तारीख को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। दर्शक निर्माताओं की ओर से इसके आधिकारिक एलान का इंतजार कर रहे हैं।