सीएम ने दिया आश्वासन
महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे ने अभिनेता और उनके परिवार से मुलाकात कर उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। सीएम ने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और कोई भी गैंग या आपराधिक प्रवृत्ति का आदमी अराजकता नहीं फैला सकता।
महाराष्ट्र में गुंडागर्दी नहीं चलने देंगे
अभिनेता से मुलाकात के बाद सीएम ने कहा, ‘मैंने सलमान खान से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ है। मामले की जानकारी मिलते ही, मैंने पुलिस टीम को इस पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया था। दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। यह महाराष्ट्र है, यहां कोई गैंग नहीं बचा है। हम सभी गैंग और गुंडों को उखाड़ फेकेंगे यहां गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनपर सख्त कार्रवाई होगी।’
सलमान खान और परिवार को मिलेगी सुरक्षा
सीएम ने आगे कहा कि मैंने पुलिस आयुक्त को सलमान खान और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने का भी निर्देश दिया है। अपने लोगों का ख्याल रखना हमारा कर्तव्य है। पिछली सरकार में जो हुआ उस पर मैं टिप्पणी नहीं करना चाहता। लेकिन हम उन सभी गिरोहों और गुंडों को उखाड़ फेंकेंगे जो राज्य के किसी भी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
गोलीबारी से पहले की थी रेकी
दबंग अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार (16 अप्रैल) को बताया कि गिरफ्तार किए गए दो लोगों ने घटना को अंजाम देने से पहले अभिनेता के घर के आसपास तीन बार रेकी की थी। दोनों आरोपियों की पहचान बिहार के रहने वाले विक्की गुप्ता (24 वर्ष) और सागर पाल (21 वर्ष) के रूप में हुई है। रविवार सुबह बांद्रा इलाके के गैलेक्सी अपार्टमेंट में अभिनेता के घर के बाहर गोलीबारी की घटना के बाद से ही दोनों फरार चल रहे थे।