अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसका पहला गाना 'पुष्पा पुष्पा' रिलीज हो चुका है और अब फिल्म से जुड़ा एक अपडेट सामने आया है।
फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' की रिलीज की तारीख जैसे-जैसे पास आती जा रही है, वैसे-वैसे इससे जुड़े नए अपडेट भी सामने आते जा रहे हैं। फिल्म की शूटिंग पर तेजी से काम चल रहा है। अल्लू अर्जुन के फैंस इसे देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कुछ ही दिन पहले निर्माताओं ने फिल्म का पहला गाना 'पुष्पा पुष्पा' रिलीज किया था। गाने को दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी बीच अब एक नया अपडेट सामने आ रहा है।
विज्ञापन
केरल में फिल्म को वितरित करेगी यह कंपनी
'पुष्पा 2: द रूल' से जुड़ा नया अपडेट यह है कि फिल्म के केरल डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स का सौदा तय हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ई4 एंटरटेनमेंट इस फिल्म को केरल में वितरित करेगी। जाहिर है कि अल्लू अर्जुन की इस फिल्म को राज्य में बड़े स्तर पर रिलीज किया जाएगा। मालूम हो कि रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' के डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स भी इसी कंपनी के पास थे।
15 अगस्त, 2024 को होगी रिलीज
इस फिल्म का निर्देशन सुकुमार कर रहे हैं। फिल्म में अल्लू अर्जुन के अलावा रश्मिका मंदाना भी मुख्य भूमिका में हैं। इन दोनों के अलावा फहाद फाजिल, राव रमेश, सुनील, अननसूया भारद्वाज और जगदीश भी अभिनय करते नजर आएंगे। 'पुष्पा 2: द रूल' को 15 अगस्त, 2024 को रिलीज किया जाएगा। फिल्म का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स द्वारा किया गया है।
पोस्ट-प्रोडक्शन पर काम कर रही तीन यूनिट
कुछ दिन पहले खबर आई थी कि 'पुष्पा 2: द रूल' के पोस्ट-प्रोडक्शन पर एक साथ तीन यूनिट काम कर रही है। इसके पीछे की वजह वीएफएक्स बताई गई थी। ज्यादा वीएफएक्स होने के कारण तीन यूनिट को काम पर लगाया गया है, ताकि इसे सावधानी से किया जा सके।