दर्शकों तक अपनी फिल्मों की पहुंच की बेहतर रणनीति बनाने में विफल रही हॉलीवुड की टॉप फाइव स्टूडियोज में शामिल रही फिल्म प्रोडक्शन कंपनी वार्नर ब्रदर्स के लिए खतरे की घंटी बज गई। इस साल की ब्रांड फाइनेंस रिपोर्ट के मुताबिक हॉलीवुड की दिग्गज कंपनी वॉर्नर ब्रदर्स की ब्रांड वैल्यू 33 फीसदी गिर गई है। एनबीसी और सीबीएस स्टूडियोज की ब्रांड वैल्यू भी तेजी से गिरी है। हालांकि, वीडियो स्ट्रीमिंग सेवाएं चलाने वाली कंपनियों में डिज्नी, नेटफ्लिक्स और यूट्यूब की ब्रांड वैल्यू में बीते साल अच्छी वृद्धि देखी गई। ई कॉमर्स कंपनियों में चीन की कंपनी अलीबाबा डॉट कॉम को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। उधर, माइक्रोसॉफ्ट के भारतीय मूल के सीईओ और गणतंत्र दिवस पर घोषित पद्म सम्मानों में पद्म भूषण पाने वाले सत्य नाडेला की ब्रांड वैल्यू दुनिया भर के टॉप 250 सीईओ में सबसे ज्यादा पाई गई है।