बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने एक साक्षात्कार में अपनी शादी, रिलेशनशिप और बच्चों को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने अपने एग फ्रीज कराने की बात भी बताई। अभिनेत्री कई वर्षों से स्पैनिश-उद्यमी मैनुअल केंपस ग्वालर के साथ रिश्ते में हैं।
अभिनेत्री ईशा गुप्ता सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। वह लगातार अपने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा कर उनसे जुड़ी रहती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेत्री स्पैनिश-उद्यमी मैनुअल केंपस ग्वालर को डेट कर रही हैं। अभिनेत्री ने एक साक्षात्कार में अपनी शादी को लेकर खुलकर बात की है।
ईशा और मैनुअल एक-दूसरे को लगभग पांच वर्षों से डेट कर रहे हैं। अभिनेत्री ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘शादी कभी भी हो सकती है। मैं अभी अपने स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान दे रही हूं। जब समय आएगा तब मैं शादी कर लूंगी और मेरे बच्चे भी होंगे। मैं हमेशा से बच्चे चाहती हूं। बच्चे और कुत्ते मेरे जीवन के दो पहलू हैं, जिनके बिना मैं अपने जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकती।’
अभिनेत्री ने एग कराया है फ्रीज
इस बातचीत के दौरान 38 वर्षीय अभिनेत्री ने यह खुलासा भी किया कि उन्होंने साल 2017 में ही अपना एग फ्रीज करा लिया था। उन्होंने कहा, ‘मैनुअल से मिलने से पहले ही मैंने साल 2017 में अपना एग फ्रीज करा लिया था।’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगर मैं एक अभिनेत्री नहीं होती तो अब तक मेरे तीन बच्चे होते।’ अभिनेत्री ने कहा, ‘एग फ्रीजिंग के दौरान हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिसकी वजह से आपका वजन बढ़ जाता है। आपके शरीर में बदलाव आते हैं, लेकिन साथ ही आपको खुशी भी मिलती है।’
अभिनेत्री ने अपने और मैनुअल के रिश्ते को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि साल 2019 में मैनुअल से मिलने से पहले वह करीब तीन से साढ़े तीन साल तक सिंगल रहीं। उन्होंने आगे कहा कि हमें शुरू से पता था कि हम अपने रिश्ते को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि वह शादी करना चाहती हैं और बच्चे भी चाहती हैं। अभिनेत्री ने आगे कहा, ‘मैनुअल जानते हैं कि मैं बच्चों से कितना प्यार करती हूं और वह पिता बनने के लिए तैयार है।’
ईशा गुप्ता ने ‘राज थ्री डी’, ‘गोरी तेरे प्यार में’, ‘हमशकल्स’, ‘बेबी’, ‘रुस्तम’, ‘टोटल धमाल’, ‘पलटन’ और ‘बादशाहो’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। अभिनेत्री को आखिरी बार वेब सीरीज ‘आश्रम’ में देखा गया है। उनके आगामी कार्यों की बात करें तो वह ‘हेराफेरी 4’, ‘देसी मैजिक’ और ‘मर्डर 4’ में अभिनय करते हुए दिख सकती हैं। हालांकि, निर्माताओं की ओर से इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।