निर्माताओं ने 'ऑपरेशन वैलेंटाइन' फिल्म का प्री रिलीज कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें मेगास्टार चिरंजीवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में चिरंजीवी ने अपने भतीजे और अभिनेता वरुण तेज की प्रशंसा की।
साउथ अभिनेता वरुण तेज इन दिनों अपनी एरियल-एक्शन फिल्म 'ऑपरेशन वैलेंटाइन' की रिलीज के लिए तैयार हैं। बीते दिन निर्माताओं ने इस फिल्म का प्री रिलीज कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें मेगास्टार चिरंजीवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में चिरंजीवी ने अपने भतीजे और अभिनेता वरुण तेज की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने पहली एरियल एक्शन तेलुगु फिल्म 'ऑपरेशन वैलेंटाइन' को युवाओं से देखने की अपील की।
विज्ञापन
यह फिल्म बहादुर नायकों को है श्रद्धांजलि
मेगास्टार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 'वरुण ने मुझसे देशभक्ति की भावना से भरपूर फिल्म 'ऑपरेशन वैलेंटाइन' के प्री रिलीज कार्यक्रम में भाग लेने का अनुरोध किया था। मैंने यहां आने के लिए एक सेकंड भी नहीं सोचा और हां कह दिया।' उन्हें बताया कि वरुण की यह फिल्म वर्ष 2019 के पुलवामा हमले पर आधारित है। 'ऑपरेशन वैलेंटाइन' उन बहादुर नायकों को सम्मानजनक श्रद्धांजलि है।
पहली हवाई एक्शन फिल्म है 'ऑपरेशन वैलेंटाइन'
वरुण तेज के बारे में बात करते हुए कहा, 'मुझे खुशी है कि वरुण तेज मेरा पीछा नहीं कर रहे हैं। वह अलग-अलग फिल्मों में काम कर रहे हैं। वे बिना किसी सहायत के खुद इंडस्ट्री में आगे बढ़ रहे हैं। आर्मी पर आधारित कई फिल्में बनी हैं, लेकिन 'ऑपरेशन वैलेंटाइन' जैसी हवाई एक्शन तेलुगु की पहली फिल्म है। मुझे बेहद खुशी है कि इन लोगों ने तेलुगु में ऐसी फिल्म बनाई है। 'ऑपरेशन वैलेंटाइन' जैसी फिल्मों को सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए, क्योंकि ऐसी फिल्में हमारे दिलों में देशभक्ति की भावना को जगाते हैं। युवाओं को ऐसी फिल्में देखनी चाहिए।'
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
'ऑपरेशन वैलेंटाइन' के बारे में बात करें, तो यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है। इस फिल्म में वरुण तेज ने अर्जुन देव की भूमिका निभाई है। वहीं, मानुषी छिल्लर एक रडार अफसर के किरदार में हैं। 'ऑपरेशन वेलेंटाइन' सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल प्रोडक्शंस, संदीप मुड्डा की रेनेसां पिक्चर्स द्वारा निर्मित और गॉड ब्लेस एंटरटेनमेंट (वकील खान) और नंदकुमार अब्बिनेनी द्वारा सह-निर्मित है। इस फिल्म से शक्ति प्रताप सिंह हाड़ा निर्देशन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। यह फिल्म एक मार्च 2024 को तेलुगु और हिंदी में रिलीज होगी।