अभिनेत्री पूजा भट्ट पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के मुखबिर की जान खतरे में डालने का आरोप लगा है। उन्होंने अब इसे लेकर सफाई दी है। पूजा भट्ट ने आरोप लगाने वाले पर ही पलटवार किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, मैंने उनका नाम नहीं लिया है, यदि आप वास्तव में मेरे ट्वीट को 'देखने' और फिर से 'पढ़ेंगे' तो समझेंगे। उक्त व्यक्ति को सलाह दें कि अगली बार वायरल होने पर ऐसी शानदार 'सेल्फ़ी' लेने और फिर लीक करने से बचें। विवेक वीरता का बेहतर हिस्सा है, है ना?
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पूजा भट्ट पर एक पत्रकार ने एनसीबी मुखबिर का नाम उजागर कर जान खतरे में डालने का आरोप लगाया था। पूजा भट्ट के ट्वीट का जवाब देते हुए एक पत्रकार ने लिखा, एक मुखबिर पुलिस/ ईडी/ सीबीआई/ एनआईए/ एनसीबी किसी के भी पास हो सकता है। मुखबिर कोई भी हो सकता है। जानकारी देना और रैकेट का भंडाफोड़ करने में मदद करना कोई अपराध नहीं है। आप उनका नाम लेकर उनकी जान जोखिम में डाल रही हैं। ड्रग पेडलर्स अब मुखबिरों पर हमला कर सकते हैं। आप भी मदद कर सकती हैं और छापेमारी करवा सकती हैं।