दिलजीत दोसांझ और परिणीति चोपड़ा बीते लंबे समय से अपनी आगामी फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। एलान के बाद से ही ये फिल्म जबरदस्त विवादों में है। इसकी रिलीज पर बीते दिनों लुधियाना की एक अदालत ने रोक लगा दी थी। वहीं निर्माताओं ने इसे सीधा ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की ठान ली है। बीते दिन इसके प्रीमियर की तारीख की घोषणा की गई। अब फिल्म का दूसरा गाना 'नरम कालजा' भी रिलीज हो गया है। यूट्यूब पर गाने को सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।
सारेगामा इंडिया ने इंस्टाग्राम पर महिला दिवस के अवसर पर टीजर वीडियो के साथ फैंस का मनोरंजन किया और इसे कैप्शन दिया, 'नरम कालजा, गरम तबीयत। चमकीला के सबसे बड़े फैंस के लिए एक गीत। महिला दिवस की शुभकामनाएं। नरम कालजा–जल्द आ रहा है। अमर सिंह चमकीला ऑन नेटफ्लिक्स।' आज मेकर्स ने गाना रिलीज किया है और कैप्शन दिया है, 'चमकीला मेरे अंदर भी बोले सदा।'
'अमर सिंह चमकीला' के गाने 'नरम कालजा' को अलका याग्निक, ऋचा शर्मा, याशिका सिक्का और पूजा तिवारी ने अपनी आवाज दी है। संगीत उस्ताद एआर रहमान ने दिया है और बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। गाने पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा है, 'गाने की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है।' दूसरे ने लिखा है, 'अलका याग्निक ने कमाल कर दिया।' वहीं एक अन्य लिखते हैं, 'एआर रहमान और इम्तियाज अली...क्या डेडली कॉम्बिनेशन है।'
'अमर सिंह चमकीला' पंजाब के मूल रॉकस्टार, अमर सिंह चमकीला की अनकही सच्ची कहानी प्रस्तुत करती है, जो गरीबी की छाया से निकले और 80 के दशक में अपने संगीत की ताकत के कारण लोकप्रियता की ऊंचाइयों तक पहुंचे। हालांकि, इससे कई लोग नाराज भी हुए। यही कारण रहा कि महज 27 साल की उम्र में उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी। 'अमर सिंह चमकीला' 12 अप्रैल से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Love Today Remake: लव टुडे के हिंदी रीमेक में दिखेंगी खुशी कपूर! आमिर के बेटे जुनैद के साथ फरमाएंगी इश्क