नए साल में धमाकेदार शुरुआत के लिए अभिनेत्री कटरीना कैफ अपनी फिल्म 'मेरी क्रिसमस' के साथ तैयार हैं। इस फिल्म में कटरीना के साथ विजय सेतुपति, राधिका आप्टे, संजय कपूर जैसे दिग्गज सितारे नजर आएंगे। श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म, इसी शुक्रवार को रिलीज होने वाली है। इन दिनों अपनी फिल्म 'मेरी क्रिसमस' के प्रमोशन में जुटी कटरीना कैफ ने मीडिया से खुलकर अपनी फिल्म और बॉक्स ऑफिस पर कम बजट वाली '12वीं फेल' जैसी फिल्मों की सफलता के बारे में बातें कीं।
'12वीं फेल' की सफलता से खुश हैं कटरीना
कटरीना कैफ फिल्मों की बॉक्स ऑफिस पर कमाई के बारे बातें करते हुए बोलीं, 'मेरा मानना है कि अगर फिल्म की कहानी बढ़िया है, तो वह फिल्म अपने लिए दर्शक ढूंढ़ ही लेगी। आप वरुण धवन की फिल्म 'बदलापुर' को देखिए फिल्म की कहानी थोड़ी डार्क थी, लेकिन दर्शकों ने उस फिल्म को पसंद किया था।' अपनी बात को जारी रखते हुए कटरीना कहती हैं, 'साल 2023 में जहां एक्शन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं, वहीं '12वीं फेल' जैसी स्टोरी-ओरिएंटेड फिल्म को भी दर्शक मिले। '12वीं फेल' जैसी कम बजट की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर सफल होना मन को उम्मीद से भर देता है। यह फिल्म एक बेहतरीन उदाहरण है, कि अगर फिल्म की कहानी अच्छी हो और सही तरह से उसे निर्देशित किया गया हो तो फिल्म हिट करेगी ही।
बॉक्स ऑफिस नंबर एक ट्रैप गेम है
कटरीना कैफ अपनी बेहतरीन अभिनय से दर्शकों के दिल में खास जगह बनाने में कामयाब रही हैं। उनकी फिल्में चाहे बॉक्स ऑफिस पर हिट रही हों या फ्लॉप, लोगों ने कटरीना के काम को हमेशा सराहा है। बॉक्स ऑफिस पर अपनी फिल्मों के प्रदर्शन को लेकर कटरीना का मानना है, 'देखिए मैं फिल्म की निर्माता नहीं हूं, तो मेरे लिए फिल्मों की सफलता के मायने अलग हैं। अगर मेरी फिल्म को दर्शकों का प्यार मिलता है, तो मेरे लिए वह एक फिल्म सफल होगी। मैं बॉक्स ऑफिस के नंबर्स के पीछे नहीं भागती हूं। बॉक्स ऑफिस के आंकड़े ट्रैप जैसे होते हैं, अगर आप एक बार फंस गए, तो उसमें से कभी नहीं निकल पाएंगे।'
कटरीना का वर्क फ्रंट
कटरीना कैफ की फिल्म 'मेरी क्रिसमस' रिलीज को तैयार है। इस फिल्म में उन्होंने साउथ सुपरस्टार विजय सेतुपति के साथ पहली बार काम किया है। 'मेरी क्रिसमस' से पहले कटरीना सलमान खान के साथ 'टाइगर 3' में नजर आईं थीं और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी हिट रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो कटरीना 'सत्ते पे सत्ता' फिल्म के रीमेक में भी काम करेंगी।