कुशा कपिला और दिव्येंदु अपनी ट्यूनिंग से दर्शकों का दिल जीतने आ रहे हैं। दोनों सितारे डिज्नी+हॉटस्टार पर अपनी आगामी वेब सीरीज 'लाइफ हिल गई' के साथ आपको गुदगुदाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शो के निर्माताओं ने सीरीज का धमाकेदार ट्रेलर जारी कर दिया है। साथ ही इसकी स्ट्रीमिंग की तारीख से भी पर्दा उठा दिया गया है।
'लाइफ हिल गई' के निर्माताओं ने डिज्नी+ हॉटस्टार के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सीरीज का ट्रेलर साझा किया। साथ ही इसके कैप्शन में लिखा, 'भाई बहन के झगड़े, दादू की संपत्ति और ढेर सारी कॉमेडी। हमारे नए शो लाइफ हिल गई की स्ट्रीमिंग 9 अगस्त को न चूकें। सिर्फ हॉटस्टार पर।' हिमश्री फिल्म्स द्वारा समर्थित, 'लाइफ हिल गई' में कुशा कपिला, दिव्येंदु, मुक्ति मोहन, विनय पाठक और अरुशी निशंक ने अभिनय किया है। सीरीज प्रेम मिस्त्री द्वारा निर्देशित है।
2 मिनट 16 सेकंड का ट्रेलर कॉमेडी ड्रामा से भरपूर है। ट्रेलर की शुरुआत कबीर बेदी से होती है जो एक दादा और होटल गुड मॉर्निंग वुड्स विला के मालिक के किरदार में हैं। वहीं, ट्रेलर को देखकर साफ हो रहा है कि दिव्येंदु और कुशा कपिला उनके पोता-पोती की भूमिका में हैं। इसी दौरान दादा जी एलान करते हैं कि जो उनके होटल गुड मॉर्निंग वुड्स विला को दोबारा से खड़ा करने में सफल होगा वही उनकी संपत्ति का मालिक बनेगा।
'लाइफ हिल गई' की कहानी काल्पनिक पहाड़ी शहर पंचमोली में घटित होती है। शहर के लोगों को अपने होटल में नियुक्त करने के बाद, दोनों भाई-बहनों को उन्हें प्रशिक्षित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही भाई-बहनों की नोकझोक भी काफी ज्यादा गुदगुदाने वाली है। ट्रेलर में मुक्ति मोहन को भी एक दिलचस्प भूमिका में देखा गया है। कहानी में मोड़ तब आता है जब अकेले पुरुषों का एक समूह होटल में आता है और अराजकता पैदा करता है। कई उतार-चढ़ाव के बाद, भाई-बहन में से कौन अपने दादा का दिल जीतकर उनकी संपत्ति हासिल करेगा, यही सीरीज की कहानी है।