सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के धारावाहिक ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ के दूसरे सीजन में राम बने नकुल मेहता और प्रिया का किरदार कर रहीं दिशा परमार की ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री रंग जमाने लगी है। धारावाहिक देखने वालों को दोनों की शादी का बेसब्री से इंतजार है क्योंकि माना जा रहा है कि धारावाहिक में दोनों की ये अनोखी प्रेम कहानी यहीं से अंगड़ाइयां लेनी शुरू होगी। धारावाहिक के निर्माता दोनों की शादी का पूरा सीक्वेंस दर्शकों के लिए बहुत ही खास तरीके से तैयार कर रहे हैं और ‘अमर उजाला’ को इन दृश्यों की शूटिंग देखने का जो मौका मिला है उसके मुताबिक ये पूरा समारोह किसी भव्य नजारे जैसा परदे पर दिखने वाला है। इन दोनों की सगाई लेकर हल्दी, मेहंदी और संगीत में खूब धमाल की तैयारी हो रही है और एक शानदार पंजाबी शादी के लिहाज से इसमें कई बड़े कार्यक्रम होने वाले हैं। इस शादी के संगीत कार्यक्रम को लेकर भी एक दिलचस्प खुलासा हुआ है।