बीएमसी और महाराष्ट्र सरकार के कर्मचारी इलाके में लगातार लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहे हैं लेकिन लॉकडाउन के सबसे ज्यादा उल्लंघन की शिकायतें पुलिस के पास इसी वार्ड से आ रही हैं। फिल्म निर्देशक आदित्य दत्त कहते हैं, “प्रशासन लगातार लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहा है। लेकिन, पता नहीं ये कौन लोग हैं जिन्हें ऐसे हालात में भी चैन नहीं हैं। दिन भर मैं कारों की आवाजें सुनाई देती रहती हैं। ऐसे कैसे हम इस मुश्किल से जीत हासिल कर पाएंगे।”
इस इलाके में फिल्म इंडस्ट्री का सबसे ज्यादा सहायक स्टाफ भी रहता है, इनमें से तमाम लोगों के पास किराए के पैसे भी नहीं बचे हैं, और ये सब वापस अपने गृह राज्यों को जाना चाहते हैं। मुंबई की फिल्म सिटी, गोरेगांव ईस्ट और गोरेगांव पश्चिमी इलाका बीएमसी के नक्शे के हिसाब से पी साउथ वार्ड में आता है। ये इलाका मुंबई के दूसरे इलाकों के बनिस्बत कम घना है और यहां हरियाली भी ज्यादा है। लेकिन, दूसरे इलाकों से यहां आवाजाही लगातार बनी हुई है जिसकी वजह से संक्रमण यहां भी फैला है। इस वार्ड में अब तक कोरोना संक्रमितों के 71 मामले आ चुके हैं जिनमें से 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
गोरेगांव ईस्ट में ही रहने वाली अभिनेत्री नयना मुके कहती हैं, “कोरोना जैसी बीमारी का इलाज अभी है नहीं और इसकी वैक्सीन आने तक सिर्फ सोशल डिस्टेंसिंग ही इससे बचाव का इकलौता तरीका है।”नयना की सोसाइटी कोरोना का मरीज पाए जाने के बाद से पूरी तरह सील है और सोसाइटी के अंदर कोई भी शख्स बाहर से प्रवेश नहीं कर पा रहा है। लोगों को सब्जी खरीदने के लिए भी समय सारिणी के हिसाब से ही नीचे आना होता है।
पढ़ें: लॉकडाउन के बीच शादी की सालगिरह नहीं मना पाया फैन, कार्तिक आर्यन ने ऐसे बधाई देकर दिन को बनाया खास