शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के ड्रग्स मामले में रोज नया मोड़ सामने आ रहा है। इस मामले में फरार चल रहा गवाह किरण गोसावी अब पुलिस के सामने सरेंडर करने के लिए तैयार हो गया है। किरण गोसावी का एक बड़ा बयान सामने आया है जिसमें किरण ने दावा किया है कि, वह 30 मिनट में पुलिस के सामने सरेंडर करेगा। किरण गोसावी पर बॉडीगार्ड प्रभाकर ने आरोप लगाया है कि गोसावी और सैम ने कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े को देने की बात कही थी। इस पर भी गोसावी ने जवाब दिया है।
गोसावी का कहा कि, मैं महाराष्ट्र के बाहर आधे घंटे में आत्मसमर्पण कर रहा हूं। सब कुछ साफ हो जाएगा। वहीं, बॉडीगार्ड द्वारा लगाए गए आरोप पर गोसावी ने कहा कि, सब आरोप झूठे हैं और मैं चाहता हूं कि पुलिस और एजेंसी उसकी जांच करें और सच बाहर आये। इसके साथ ही किरण ने अपनी फरार होने की वजह से बारे में बताते हुए कहा कि, मुझे धमकी मिल रही है और मेरी जान को खतरा है।
किरण गोसावी के इस बयान के बाद अब पुणे पुलिस का बयान भी सामने आ गया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि, वह अभी भी किरण की तलाश कर रहे हैं और उन्हें किरण के आत्मसमर्पण की कोई जानकारी नहीं है। एसीबी सतीश गोवेकर ने कहा है कि, मीडिया में आरोपी किरण गोसावी के बारे में खबरें हैं, हम अभी भी उसकी तलाश कर रहे हैं और जैसे ही हमें और जानकारी मिलेगी हम आपके साथ साझा करेंगे।
सतीश गोवेकर ने ये भी कहा कि उसके स्थान के बारे में विवरण का खुलासा नहीं किया जा सकता है। हमारी टीम अभी भी मामले की जांच कर रही है और हमें उसके आत्मसमर्पण के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है। इसके साथ ही एसीपी ने ये भी बताया कि, इस मामले के 2 आरोपियों में से हमने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
किरण गोसावी पर लगे ये आरोप
बता दें कि, किरण गोसावी के बॉडीगार्ड प्रभाकर ने हलफनामे में कहा कि उसने केपी गोसावी और सैम डिसूजा को आपस में बात करते सुना था। उसने दोनों को ये कहते सुना था कि, 'आप 25 करोड़ रुपये का बम डाल दो। चलो 18 करोड़ में सौदा तय करते हैं और समीर वानखेड़े को आठ करोड़ रुपये दे देते हैं'। आरोप लगाने वाला प्रभाकर खुद को गोसावी का बॉडीगॉर्ड बता रहा है।
प्रभाकर ने आरोप लगाया है कि गोसावी और सैम ने कथित तौर पर 18 से 8 करोड़ रुपये एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े को देने की बात कही थी। प्रभाकर सैल ने अपने हलफनामे में ये भी कहा कि क्रूज पर एनसीबी की छापेमारी के बाद उसने शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी को केपी गोसावी और सैम को नीले रंग की मर्सिडीज कार में साथ में बात करते देखा था। उनके बीच करीब 15 मिनट बात हुई थी।