बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर के ऑफिस में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर अनुपम खेर ने मुंबई पुलिस को धन्यवाद दिया है। इसके लिए उन्होंने एक नोट भी लिखा है।
अनुपम खेर ने की पुलिस की तारीफ
अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर चोरों की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वो पुलिस थाने के सामने पुलिस के साथ दिख रहे हैं। साथ ही अपने और पुलिस द्वारा की गई पोस्ट के भी स्क्रीनशॉट लोगों के साथ साझा किए। उन्होंने अपने नोट में लिखा, "मुंबई पुलिस के प्रति मेरा हार्दिक आभार और प्रशंसा। मेरे दफ्तर में तोड़फोड़ करने वाले, मेरी तिजोरी और 'मैंने गांधी को नहीं मारा' के नेगेटिव को चुराने वाले दोनों चोरों को पकड़ लिया गया है। यह सब 48 घंटों के भीतर किया जाना पुलिस की अद्भुत दक्षता को दर्शाता है!! जय हो!"
क्या था मामला?
अनुपम खेर ने गुरुवार को अपने एक्स हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया था कि दो चोर उनके मुंबई के वीरा देसाई रोड़ स्थित दफ्तर से नकदी से भरी तिजोरी और एक फिल्म के निगेटिव चुरा ले गए है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिस पर पुलिस ने आरोपियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया था। इसके बाद 22 जून को अंबोली पुलिस ने माजिद शेख और मोहम्मद दलेर बहरीम खान को गिरफ्तार कर लिया।